फिजूल विवादों की बजाए गेम पर फोकस करे पाकिस्तान: कपिल देव बोले- हैंडशेक तो पर्सनल च्वॉइस, इसको बेवजह मुद्दा क्यों बनाना
Published:
3 min read

कपिल देव (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में जीत के बाद टीम इंडिया ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए थे। इस पर विवाद चल रहा है और हर तरफ से बयानबाजी हो रही है।
अब 1983 में टीम इंडिया को वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव ने भी राय दी है। कपिल ने कहा- ऐसे छोटे-छोटे मुद्दों पर ध्यान देने की बजाए खिलाड़ियों को क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए। कपिल देव का मानना है कि मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना ज्यादा जरूरी है, न कि इस तरह के विवाद और बहस में उलझना चाहिए।
ये तो पर्सनल च्वॉइस
कपिल ने एक इंटरव्यू में कहा- अगर कोई खिलाड़ी हाथ नहीं मिलाना चाहता, तो उसमें कुछ गलत नहीं है। यह उसकी अपनी पसंद है। इसे लेकर न तो शोर मचाना चाहिए और न ही कोई बयानबाजी करनी चाहिए। पाकिस्तान की टीम को अपने गेम पर फोकस करना चाहिए और बाकी बातें छोड़ देनी चाहिए।
कपिल ने आगे कहा- पाकिस्तान की टीम ने अच्छा क्रिकेट नहीं खेला। उन्हें अपनी क्रिकेट पर काम करने की जरूरत है। खेल भावना बनाए रखना जरूरी है, लेकिन हर छोटी बात को बड़ा मुद्दा बना देना सही नहीं है।

अब विवाद भी जानिए
एशिया कप 2025 के ग्रुप स्टेज मैच में रविवार 14 सितंबर भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। टॉस और इसके बाद मैच खत्म होने पर भारतीय खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स ने पाकिस्तान के प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाए। इतना ही नहीं, मैच के बाद टीम इंडिया के प्लेयर्स जब ड्रेसिंग रूम लौटे तो उन्होंने इसके गेट बंद कर दिए, इसका मकसद था कि पाकिस्तान के प्लेयर्स से उन्हें हैंडशेक न करना पड़े।
पाकिस्तान की टीम की तरफ से इस बारे में ऑफिशियल कम्प्लेन दर्ज कराई गई। इसमें कहा गया है कि भारतीय टीम का यह कदम स्पोर्ट्स मैन स्पिरिट यानी खेल भावना के खिलाफ है।जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वो यह जीत पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों को डेडिकेट करते हैं। उन्होंने यह जीत भारतीय सेना और शहीदों को भी डेडिकेट की थी।

पाकिस्तान को मैच से पहले ही यह साफ तौर पर बता दिया गया था कि टीम इंडिया पाकिस्तानी प्लेयर्स या स्टाफ से हैंडशेक नहीं करेगी। इसके बावजूद PCB ने जानबूझकर इस मुद्दे को उठाकर सिमपैथी हासिल करने की कोशिश की। इसमें उनका मजाक बन गया और अब भी बन रहा है।
मैच रेफरी पायक्रॉफ्ट को इस मुद्दे में गलत घसीटा गया। वो तो सिर्फ अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। असली मामला कुछ और था, लेकिन PCB ने सारा ठीकरा मैच रेफरी के सिर फोड़ने की साजिश रची। सच तो यह है कि पाकिस्तान क्रिकेट अब इंटरनेशनल लेवल पर मजाक बन चुका है।

