केन विलियमसन से जुड़ी दो स्टोरीज: इलाज कराने पहुंचे और नर्स सारा से प्यार हुआ, DRS लेने से पहले अंपायर को सॉरी बोलते थे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो गए हैं। विलियमसन 8 अगस्त को 36 साल के हो जाएंगे। इस प्लेयर की जिंदगी से जुड़ी दो दिलचस्प कहानियां हैं। एक क्रिकेट ग्राउंड की है, तो दूसरी निजी जिंदगी की है। क्रिकेट से जुड़ी कहानी कुछ यूं है कि विलियमसन जब भी DRS लेते थे, तब पहले अंपायर को सॉरी बोलते थे। ऐसा शायद ही कोई कप्तान करता होगा।
दूसरा विलियमसन की लव स्टोरी है, जो किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है। विलियमसन एक हॉस्पिटल में अपना इलाज कराने गए थे, लेकिन वहां नर्स सारा रहीम को दिल दे बैठे। आइए जानते हैं दोनों कहानियों के बारे में…
केन-सारा की लव स्टोरी
पहले विलियमन की लव स्टोरी के बारे में जानते हैं। बात 2015 की है। विलियमसन को चोटिल लगी थी। वे इलाज के लिए एक हॉस्पिटल में एडमिट हुआ थे, जहां सारा रहीम (Sara Raheem) बतौर नर्स काम कर रही थीं। उन्होंने ही केन की देखभाल की थी। न्यूजीलैंड टीम के कप्तान को सारा की सादगी और उनका केयरिंग नेचर बेहद पसंद आया।
दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। हॉस्पिटल से छुट्टी के बाद दोनों एकदूसरे को डेट करने लगे। दिसंबर 2020 में केन और सारा एक प्यारी सी बेटी के माता-पिता बने, जिसका नाम मैगी रखा। मई 2022 में सारा ने एक बेटे को जन्म दिया। 2024 में उनके घर बेटी ने जन्म लिया और केन-सारा तीसरी बार माता-पिता बने।

सॉरी बोलकर DRS लेने का अंदाज
अब बात क्रिकेट फील्ड की उस कहानी की बात करते हैं, जिसमें केन DRS (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) लेने से पहले अंपायर से माफी मांगते हैं। इसका खुलासा भारतीय अंपायर केएन अनंतपद्मनाभन ने एक मलयालम न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में किया था। इस दौरान उनसे पूछा गया कि उनका फेवरेट क्रिकेटर कौन है? इस पर अंपायर ने बगैर पलकें झपकाए तुरंत केन विलियमसन का नाम लिया।
अनंतपद्मनाभन ने बताया कि जब DRS आया तब अंपायर्स के लिए काफी चुनौतियां आईं। किसी टीम के कप्तान को फैसले से आपत्ति होती है तो वो DRS लेता है। मगर विलियमसन जब DRS लेते हैं तो वो अंपायर की तरफ देखकर सबसे पहले उनसे सॉरी कहते हैं।

विलियमसन अंपायर के फैसले को चुनौती तो देना चाहते हैं, लेकिन वह भी माफी मांगने के साथ। वे DRS लेने से ठीक पहले अंपायर से माफी मांगते हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान कहते हैं, 'माफ कीजिए। हम इस पर DRS लेना चाहेंगे।'
दरअसल, DRS नियम आने के बाद कप्तानों को काफी पावर मिली है। अब वे अंपायर के फैसलों को चुनौती देने लगे हैं। मगर केन का सॉरी बोलकर DRS लेने का अंदाज ज्यादातर अंपायर्स को पसंद आया है।

