भारत से क्रिकेट में हर तरह के रिश्ते तोड़े पाकिस्तान : पूर्व कप्तान कामरान अकमल बोले- हमारी कोई इज्जत है या नहीं, PCB डरपोक
Published: Updated:
3 min read

भारतीय टीम ने 9वीं बार एशिया कप खिताब जीत लिया है। मौजूदा सीजन का फाइनल रविवार (28 सितंबर) को दुबई में खेला गया। इसमें टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से शिकस्त दी।@surya_14kumar
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में लगातार 3 हार और तमाम विवादों पर पाकिस्तान में बयानबाजी जारी है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर कामरान अकमल की मांग है कि पाकिस्तान को भारत से हर तरह के क्रिकेट रिश्ते खत्म कर लेना चाहिए। ICC के इवेंट्स में भारत के खिलाफ मैचों का बायकॉट भी जरूरी है।
भीख मांगना छोड़ो
पाकिस्तान के टीवी चैनल ‘ARY’ पर एक स्पोर्ट्स शो के दौरान कामरान गुस्से में दिखे। उन्होंने कहा- यहां सवाल हार या जीत का नहीं है, बल्कि मुल्क की इज्जत का है। ये ठीक है कि पाकिस्तान गरीब मुल्क है और PCB के पास लिमिटेड फंड्स हैं, लेकिन क्या हम बेइज्जत होकर भीख मांगते रहेंगे। अगर हमारे बोर्ड में जरा भी इज्जत और गैरत बची है तो वो पब्लिकली अनाउंस करे कि भारत के खिलाफ अब कभी क्रिकेट नहीं खेलेंगे। किसी भी इवेंट में नहीं।

देखें कि ICC में कितना दम है
कामरान ने आगे कहा- हमें ICC के भी किसी इवेंट में भारत के खिलाफ नहीं खेलना चाहिए। हम भी तो देखें कि ICC क्या करती है? हम भी तो देखें कि हमारे बिना वो कैसे सर्वाइव करते हैं? हमारा सब्र अब टूट चुका है। ICC प्रेसिडेंट अभी भारत के जय शाह हैं, जाहिर है कि वो भारत का ही फेवर करेंगे। इसका इलाज ये है कि हम बाकी क्रिकेटिंग नेशन्स से बात करें और उनके भारत के खिलाफ एकजुट करें। ICC को ये नहीं भूलना चाहिए कि अगर पाकिस्तान नहीं खेलेगा तो क्रिकेट भी सर्वाइव नहीं कर पाएगा।

ICC ने जानबूझकर आग भड़काई
अकमल ने कहा- एशिया कप में जो कुछ हुआ वो क्रिकेट से ज्यादा पॉलिटिकल था। ICC चाहती तो इन चीजों को पहले मैच से ही रोक सकती थी, लेकिन उसने आग को और हवा दी। इस विकेटकीपर ने आगे कहा- एक कमेटी बनाई जानी चाहिए, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के पूर्व प्लेयर्स हों। इन लोगों को ये तय करना चाहिए कि भारत के खिलाफ किस तरह का एक्शन होना चाहिए। वर्ल्ड बॉडी ICC को भी भारत का बायकॉट करना चाहिए।

अपने गिरेबां में नहीं झांका
कामरान ने आखिर में कहा- दुनिया ने भारतीय खिलाड़ियों की हरकतें देखीं। हमारे प्लेयर्स ने तो सिर्फ उन्हें जवाब दिया था। अब बारी PCB की है। देखते हैं वो पैसे के पीछे भागती है या बतौर मुल्क हम अपनी इज्जत बचाते हैं। भारत को अगर ट्रॉफी लेनी है तो ACC चीफ मोहसिन से ले, नहीं तो उन्हें ट्रॉफी देने की कोई जरूरत नहीं है।

