वैभव सूर्यवंशी मेरा रिकॉर्ड तोड़ सकता है: टी20 क्रिकेट के टॉप स्कोरर बने जोस बटलर का बयान, द हंड्रेड में पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ा
Published: Updated:
2 min read

IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने सीजन में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए थे। उन्होंने ऑरेंज कैप जीती थी। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंग्लैंड टीम के विकेटकीपर बैटर जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वे ओवरऑल टी20 फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के कीरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ा है। इस उपलब्धि के बाद बटलर ने कहा कि यह रिकॉर्ड भी हमेशा नहीं रहने वाला है। आगे चलकर इस रिकॉर्ड को वैभव सूर्यवंशी तोड़ सकते हैं।
दरअसल, पोलार्ड के नाम 746 टी20 में 14803 रन दर्ज हैं। जबकि बटलर ने 522 मैच में ही 14833 रन बना दिए हैं। तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं, जिनके 463 मैच में 14562 रन हैं।

द हंड्रेड में 51 रन की नॉटआउट पारी
बटलर इस समय इंग्लैंड के घरेलू टूर्नामेंट द हंड्रेड में खेल रहे हैं। टूर्नामेंट के 21वें मैच में मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के कप्तान बटलर ने वेल्स फायर के खिलाफ 20 बॉल पर 51 रन की नॉटआउट पारी खेली। यह मैच मैनचेस्टर ने 9 विकेट से जीता। इसी पारी के बदौलत बटलर ने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।
वैभव यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं
मैच के बाद बटलर ने कहा- यह (रिकॉर्ड) काफी अच्छा है, लेकिन किसी दिन कोई इससे भी आगे निकल जाएगा। शायद उसका नाम वैभव सूर्यवंशी हो सकता है, लेकिन अभी तो गर्व की बात है।
बटलर ने कहा- पिछला मैच MI लंदन के खिलाफ था। तब पॉली (पोलार्ड) डगआउट में था और उस समय यह रिकॉर्ड तोड़ता तो ज्यादा अच्छा लगता। हालांकि कई खास नाम इस लिस्ट में शामिल हैं।

