क्या इंग्लैंड टीम से खेल पाएंगे आमिर: ECB ने आर्चर के लिए 7 साल पहले नियम बदल दिया था; ऐसा हुआ तो IPL भी खेल सकते हैं- डीटेल्स
Published:
4 min read

मोहम्मद आमिर इंग्लैंड के T20 ब्लास्ट 2026 के लिए नॉट्स आउटलॉज में शामिल हो गए हैं। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने दूसरे देश की नागरिकता लेकर कॅरियर बढ़ाया। इंग्लैंड ने 2019 वर्ल्ड कप से पहले जोफ्रा आर्चर को टीम में शामिल करने के लिए नियम तक बदल दिए थे।
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर को ब्रिटिश नागरिकता मिल चुकी है। सवाल ये है कि क्या अब आमिर भी इंग्लैंड की नेशनल टीम में खेल पाएंगे? आखिर नियम क्या हैं और किन खिलाड़ियों ने दूसरे देश की नागरिकता लेकर नया क्रिकेट सफर शुरू किया।

जोफ्रा आर्चर
2018 में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने विदेशी खिलाड़ियों के नेशनल टीम में सिलेक्शन की मियाद 7 से घटाकर 3 साल कर दी। इसका सबसे बड़ा फायदा जोफ्रा आर्चर को मिला। आर्चर का जन्म 1 अप्रैल 1995 को वेस्टइंडीज के बारबाडोस में हुआ था। उनके पिता ब्रिटिश नागरिक हैं, इसलिए उनके पास ब्रिटेन का पासपोर्ट भी था। हालांकि वह 18 साल की उम्र के बाद इंग्लैंड पहुंचे थे। इसलिए पुराने नियम के अनुसार उन्हें 2022 तक इंग्लैंड के लिए खेलने का इंतजार करना पड़ता। ECB के नियम बदलने के बाद आर्चर 2019 वर्ल्ड कप टीम में शामिल हुए। खास बात यह है कि यह वर्ल्ड कप भी इंग्लैंड ने ही जीता।

केविन पीटरसन
जोफ्रा आर्चर से पहले साउथ अफ्रीका में जन्मे केविन पीटरसन भी इंग्लैंड के लिए खेल चुके हैं। पीटरसन साल 2000 में इंग्लैंड आए और काउंटी क्रिकेट खेलना शुरू किया। उस समय नियम था कि ब्रिटिश पासपोर्ट रखने वाला खिलाड़ी चार साल तक इंग्लैंड में रहकर और काउंटी क्रिकेट खेलकर नेशनल टीम में शामिल होने की दावेदारी पेश कर सकता है। इसी आधार पर पीटरसन को 2004 में वनडे और 2005 में टेस्ट टीम में मौका मिला।
उन्मुक्त चंद
भारत को 2012 अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान उन्मुक्त चंद ने 2021 में भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेकर करियर की नई शुरुआत अमेरिका में की। भारत की सीनियर टीम के लिए उन्होंने कभी इंटरनेशनल मैच नहीं खेला, हालांकि वह अंडर-19 टीम के कप्तान रह चुके थे।
अमेरिका में चंद मेजर लीग क्रिकेट (MLC) और माइनर लीग क्रिकेट (MiLC) में खेल रहे हैं। ICC के नियमों के मुताबिक- जरूरी शर्तें पूरी करने के बाद उन्मुक्त अमेरिका की नेशनल टीम से खेल सकते हैं। हालांकि, उन्हें अभी तक अमेरिका की टीम में जगह नहीं मिली है और वह 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भी अमेरिकी टीम का हिस्सा नहीं थे।

मोहम्मद आमिर
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज आमिर इंटरनेशनल क्रिकेट से दो बार संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने पहली बार 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा था, लेकिन 2024 टी20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए संन्यास वापस ले लिया। वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद दिसंबर 2024 में उन्होंने दोबारा इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी।
आमिर को अब ब्रिटेन (UK) की नागरिकता और ब्रिटिश पासपोर्ट मिल गया है। उन्हें यह नागरिकता उनकी पत्नी नरजिस खान, जो ब्रिटिश नागरिक हैं, के जरिए मिली।, लेकिन इसके बावजूद वह इंग्लैंड की नेशनल क्रिकेट टीम के लिए नहीं खेल सकते। इसकी वजह इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) और ICC के नियम हैं। आमिर पहले ही पाकिस्तान की सीनियर टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं, इसलिए केवल ब्रिटिश नागरिकता मिलने के आधार पर वह इंग्लैंड की नेशनल टीम को रिप्रजेंट नहीं कर सकते।
इंग्लैंड टीम के लिए खेलने के लिए उनका जन्म इंग्लैंड में हुआ हो या वह लगातार तीन साल तक इंग्लैंड और वेल्स में रहा हो। इस दौरान हर साल कम से कम 210 दिन वहीं रहना भी जरुरी है। इसके अलावा खिलाड़ी पिछले तीन साल में किसी अन्य ICC फुल मेंबर देश के लिए अंडर-17 या उससे ऊपर के लेवल पर नहीं खेला होना चाहिए।
आमिर इन शर्तों को पूरा नहीं करते, इसलिए अब वह इंग्लैंड में घरेलू क्रिकेट खिलाड़ी के तौर पर खेल सकते हैं, हालांकि अब IPL खेल सकते हैं। उन्हें ब्रिटेन की नागरिकता और यूके का पासपोर्ट मिल गया है। इसके बाद अब उन्हें पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं, बल्कि दूसरे देश के विदेशी खिलाड़ी (ओवरसीज प्लेयर) के तौर पर IPL नीलामी में शामिल होने का मौका मिल सकता है। साथ ही, दुनिया की अलग-अलग फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीगों में खेलने के भी उनके लिए ज्यादा मौके खुल गए हैं।

