टेस्ट में सचिन का सेंचुरी रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं जो रूट: 34 साल के रूट को चाहिए 13 शतक; वनडे में कोहली-तेंदुलकर ही रहेंगे मास्टर
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट जगत में इस समय इंग्लैंड के बैटर जो रूट की तुलना सचिन तेंदुलकर से काफी की जा रही है। इसकी वजह है कि रूट अब सचिन के दो टेस्ट रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंच गए हैं। टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक और रन का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उनके पीछे जो रूट आ रहे हैं, जो यह दोनों रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
रन के मामले में रूट मास्टर ब्लास्टर सचिन के ठीक पीछे हैं। रूट को टेस्ट रन का रिकॉर्ड तोड़ने में अभी 2379 रन चाहिए हैं। हालांकि सचिन के सेंचुरी का रिकॉर्ड तोड़ने में अभी रूट को 13 शतक और लगाने होंगे। इंग्लैंड के इस प्लेयर की अभी उम्र 34 साल ही है, ऐसे में उनके पास यह दोनों रिकॉर्ड तोड़ने के लिए काफी मौके रहेंगे।

इंटनेशनल क्रिकेट में सचिन-कोहली ही आगे
दोनों रिकॉर्ड तोड़ने के बावजूद रूट की तुलना सचिन से नहीं हो सकती, क्योंकि वे सिर्फ टेस्ट में आगे निकल सकते हैं। वनडे में फिर भी विराट कोहली और सचिन ही मास्टर रहेंगे। वनडे में कोहली के सबसे ज्यादा 51 और दूसरे पर सचिन के 49 शतक हैं।
इंटनेशनल क्रिकेट (तीनों फॉर्मेट) में भी रूट काफी पीछे हैं। उन्होंने कुल 57 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाई हैं। टेस्ट में 39 और वनडे में 18 शतक लगाए। टी20 में शतक नहीं लगा सके। जबकि तीनों फॉर्मेट में मिलाकर सचिन सबसे ज्यादा 100 सेंचुरी लगाने वाले पहले प्लेयर हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर 82 शतक के साथ कोहली हैं।

सचिन ने भी की जो रूट की तारीफ
टेस्ट में सबसे ज्यादा 15921 रन का रिकॉर्ड भी सचिन के नाम है। दूसरे नंबर पर काबिज रूट उनसे 2378 रन पीछे हैं। हाल ही में सचिन ने पहली बार इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी और जो रूट की जमकर तारीफ की।
सोशल मीडिया पर (Ask Me Anything) सेशन में एक सवाल के जवाब में सचिन ने कहा- "13,000 रन पार करना बहुत बड़ी अचीवमेंट है। वह (जो रूट) अभी भी अच्छे फॉर्म में है।”
“जब मैंने उन्हें 2012 में नागपुर टेस्ट में पहली बार खेलते देखा, तभी मैंने अपने टीम मेट से कहा था कि वह फ्यूचर में इंग्लैंड के कप्तान बनेंगे। मुझे पिच को परखने की क्षमता, स्ट्राइक रोटेट करने का तरीका बहुत पसंद आया। उसी वक्त मुझे लगा था कि ये खिलाड़ी बड़ा नाम करेगा।"


