ICC टेस्ट रैंकिंग में रूट फिर टॉपर : बुमराह-जडेजा भी अपनी कैटेगरी में सबसे ऊपर,पंत-गिल को नुकसान;टॉप 10 बॉलर में 5 ऑस्ट्रेलियन
Published:
3 min read

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट 8वीं बार टेस्ट की बैटिंग रैंकिंग में टॉपर बने हैं। ऑलराउंडर्स की बात करें तो जडेजा भी फेहरिस्त में सबसे ऊपर हैं। (फाइल)
जो रूट लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 104 और दूसरी में 40 रन बनाए। इस परफार्मेंस की वजह से यह इंग्लिश मिडिल ऑर्डर बैटर एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की टेस्ट रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंच गया है। अगर टीम इंडिया की बात करें तो रवींद्र जडेजा और केएल राहुल को बैटिंग रैंकिंग में 5 पायदान का फायदा हुआ। गेंदबाजी में वॉशिंगटन सुंदर को 12 रैंक का फायदा हुआ। जसप्रीत बुमराह अब भी बॉलर्स रैंकिंग में टॉपर हैं।
34 के रूट ने 37 साल के संगकारा को पीछे छोड़ा
34 साल की उम्र में रूट श्रीलंका के कुमार संगकारा के बाद सबसे ज्यादा उम्र के टॉप रैंकिंग वाले टेस्ट बल्लेबाज बने हैं। संगकारा ने यह कामयाबी 37 की उम्र में हासिल की थी। रूट के 888 पॉइंट्स हैं। उन्होंने अपनी ही टीम के हैरी ब्रुक (862) को पीछे छोड़ा। रूट आठवीं बार टेस्ट के नंबर-1 बल्लेबाज बने हैं।
न्यूजीलैंड के केन विलियमसन 867 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर हैं। हैरी ब्रुक तीसरे पायदान पर हैं। यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत को एक-एक पायदान का नुकसान हुआ। कप्तान शुभमन गिल भी तीन पायदान नीचे फिसले।
बॉलिंग टॉप 10 में 5 ऑस्ट्रेलियन
ICC की टॉप रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई बॉलर्स ने दबदबा बना के रखा। टॉप 10 में से 5 गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया के हैं। पैट कमिंस 838 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर हैं। जोश हेजलवुड (815) चौथे, नाथन लायन (769) आठवें और मिचेल स्टॉर्क (766) दसवें नंबर पर हैं।
जसप्रीत बुमराह 901 रेटिंग के साथ पहले नंबर पर बरकरार हैं। वॉशिंगटन सुंदर ने लॉर्ड्स टेस्ट में 22 रन देकर चार विकेट लिए। वो 12 पायदान का इजाफा लेकर 56वें से 46वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
वेस्टइंडीज भले ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भले ही 27 रन पर ऑलआउट हो गई, लेकिन गेंदबाजी रैंकिंग में शमर जोसेफ ने मैच में 8 विकेट लिए, उन्हें 15 पायदान का फायदा हुआ। इसी के साथ अपने करियर की बेस्ट रैंकिंग के साथ वह 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
टेस्ट ऑलराउंडर में भी जडेजा पहले नंबर पर
लॉर्ड्स टेस्ट की पहली इनिंग में 72 और दूसरी पारी में नाबाद 61 रन बनाने वाले रवींद्र जडेजा टॉप ऑलराउंडर की लिस्ट में नंबर एक पायदान पर बने हुए हैं। पैट कमिंस को एक और स्टॉर्क को 2 पायदान का फायदा हुआ है। बेन स्टोक्स छठे नंबर पर हैं। वहीं, इंग्लैंड के ही गस एटकिंसन एक पायदान नीचे फिसल कर 231 रैंकिंग पॉइंट के साथ दसवें नंबर पर पहुंच गए हैं।

