2017 में टीम इंडिया का वेलकम करने पहुंची थीं जेमिमा: मिताली और हरमनप्रीत को आइडल मानतीं, उन्हीं को देख क्रिकेट खेलना शुरू किया
Published:
3 min read

2017 में टीम इंडिया वुमन्स वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी।
स्पोर्ट्स डेस्क: 8 साल पहले यानी 2017 में जेमिमा रोड्रिग्स मुंबई एयरपोर्ट पर खड़ी थी, हाथ में प्लेकार्ड और चेहरे पर मुस्कान। वो किसी फ्लाइट में चढ़ने नहीं, बल्कि अपनी क्रिकेट आइडल मिताली राज, हरमनप्रीत कौर और झूलन गोस्वामी का स्वागत करने आई थी। 2017 में टीम इंडिया वुमन्स वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी। उन्हें फाइनल में इंग्लैंड से हार मिली थी। हालांकि, वुमन्स टीम के लिए फाइनल में पहुंचना ही बड़ी उपलब्धि थी। जेमिमा तब सिर्फ 16 साल की थीं। वो बस एक सपना देख रही थी एक दिन इंडिया के लिए वर्ल्ड कप खेलना। 2025 में वो सपना सच हुआ। उन्होंने भारत को वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा दिया।
नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में जेमिमा ने नाबाद 127 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। जिंदगी में उतार-चढ़ाव आए, टीम से बाहर भी हुई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। जेमिमा, जो कभी एयरपोर्ट पर अपने आइडल का इंतजार करती थीं, करोड़ों लोगों की आइडल बन गई है। जेमिमा ने मैच के बाद कहा-मैं किसी को कुछ साबित नहीं करना चाहती थी, बस इंडिया के लिए जीत चाहिए थी।

भारतीय टीम को 339 रन का टारगेट
मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 338 रन पर ऑलआउट हुई। फीब लिचफील्ड ने वनडे करियर का तीसरा और वर्ल्ड कप में अपना पहला शतक लगाया। लिचफील्ड ने 93 बॉल पर 119 रन की पारी खेली। इस दौरान 3 छक्के और 17 चौके लगाए।एलिस पेरी ने 77 और एश्ले गार्डनर ने 63 रन की पारी खेली। भारतीय टीम के लिए बॉलिंग में श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए। क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और राधा यादव को 1-1 सफलता मिली।
जेमिमा और कौर के बीच ऐतिहासिक साझेदारी
भारत की शुरुआत थोड़ी खराब रही शेफाली वर्मा सिर्फ 10 और स्मृति मंधाना 24 रन बनाकर आउट हो गईं तब ऐसा लग रहा था कि मैच हाथ से निकल सकता है। लेकिन इसके बाद जेमिमा और हारमनप्रीत ने मैदान संभाल लिया।जेमिमा-हरमनप्रीत के बीच 167 रन की पार्टनरशिप इस जीत की सबसे बड़ी हीरो रहीं जेमिमा रोड्रिग्स, जिन्होंने 134 गेंदों में नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 89 रन बनाए। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 167 रनों की साझेदारी हुई।
जब हारमनप्रीत 89 पर आउट हुईं, तब भी जेमिमा ने हार नहीं मानी। दीप्ति शर्मा (24) और ऋचा घोष (26) ने भी छोटे लेकिन जरूरी योगदान दिए। आखिर में अमनजोत कौर नाबाद 15 रन ने विनिंग रन बनाए और पूरा स्टेडियम “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।भारत का अगला मुकाबला फाइनल में साउथ अफ्रीका से 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा।

