जय शाह ने मेडल दिलाने का वादा किया: प्रतिका रावल के पिता बोले- ICC प्रेसिडेंट ने खुद हमें कॉन्टैक्ट किया
Published: Updated:
3 min read

प्रतिका रावल ने 6 मैच में 308 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाकर टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचाया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत की महिला क्रिकेट टीम ने 2025 वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इस बड़ी जीत के पीछे एक भावुक कहानी भी जुड़ी है। टीम की खिलाड़ी प्रतिका रावल इंजरी की वजह से वे फाइनल नहीं खेल पाईं, लेकिन ICC अध्यक्ष जय शाह ने खुद आगे बढ़कर यह भरोसा जताया है कि प्रतिका को भी वर्ल्ड कप विजेता का मेडल मिले।
फाइनल में जीत के बाद मेडल नहीं मिला
भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराया था। पूरे देश में जश्न का माहौल था। हालांकि मैच के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुआ। प्रतिका व्हीलचेयर पर नजर आईं। इस वर्ल्ड कप में वो टीम का अहम हिस्सा थीं।

बांग्लादेश के खिलाफ इंजरी हुई थी
बांग्लादेश के खिलाफ आखिरी लीग मैच में उनके घुटने में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह शेफाली वर्मा को शामिल किया गया। उन्होंने ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
सोशल मीडिया सवाल उठे
ICC के नियमों के मुताबिक, केवल वही खिलाड़ी जो फाइनल की 15 मेंबर टीम में हों, वे ही वर्ल्ड कप का विजेता मेडल पा सकते हैं। इसी वजह से प्रतिका को शुरू में मेडल नहीं मिला। जब पूरी टीम ने ट्रॉफी के साथ जश्न मनाया तो प्रतिका बिना मेडल के नजर आईं। यह देखकर फैन्स दुखी हो गए और सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि इतनी मेहनत के बाद भी उन्हें मेडल क्यों नहीं दिया गया।
जब टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंची तो उस दौरान प्रतिका के गले में भी मेडल था। इससे सबको हैरानी हुई कि आखिर क्या हुआ।

जय शाह ने खुद किया संपर्क
प्रतिका के पिता प्रदीप रावल ने इस बात का खुलासा एक इंटरव्यू में किया। उन्होंने बताया कि ICC अध्यक्ष जय शाह ने खुद उनसे संपर्क किया और कहा कि वे इस मामले को देख रहे हैं। उन्होंने ICC से बात की है। उन्होंने वादा किया था कि प्रतिका को मेडल मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी से मिलने से पहले ही प्रतिका को मेडल मिल गया। इस खबर के सामने आने के बाद क्रिकेट फैन्स ने जय शाह की इस पहल की तारीफ की। हालांकि ICC और BCCI की ओर से बयान नहीं दिया गया है।

6 मैच में 308 रन बनाए
प्रतिका ने टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में अच्छा परफॉर्मेंस किया था। उन्होंने 6 मैच में 308 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाकर टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचाया था।

