बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर: T20I सीरीज खेलेंगे; कल होगा टी20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान
Published:
3 min read

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज नहीं खेलेंगे। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलेगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 T20 खेले जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज नहीं खेलेंगे। यह फैसला उनके वर्कलोड को ध्यान में रखकर लिया गया है। सिलेक्टर्स उन्हें लंबे समय तक फिट रखना चाहते हैं।
न्यूजीलैंड सीरीज से पहले कल (20 दिसंबर) सिलेक्टर्स की एक अहम मीटिंग होगी। इस मीटिंग में 2026 T20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया जाएगा।
T20I सीरीज के लिए अवेलेबल
बुमराह 21 से 31 जनवरी के बीच होने वाली T20I सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। T20I वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के लिहाज से यह सीरीज टीम इंडिया के लिए काफी अहम मानी जा रही है। बुमराह को वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल करने की पूरी प्लानिंग है।
साउथ अफ्रीका सीरीज में बुमराह का प्रदर्शन
बुमराह को साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज से भी आराम दिया गया था। इसके बाद उन्होंने T20I सीरीज में वापसी की। शुरुआती 2 टी20 मैचों में उन्होंने 2 विकेट लिए। तीसरे मैच से उन्हें आराम मिला। लखनऊ में खेला गया चौथा T20I कोहरे के कारण रद्द हो गया।
इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बुमराह ने दो टेस्ट मैचों में उन्होंने 8 विकेट लिए । इसमें एक पारी में 5 विकेट भी शामिल रहे।
क्या है न्यूजीलैंड सीरीज का शेड्यूल?
भारतीय टीम साल 2026 की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज से करेगी, जो जनवरी में ही होगी। दोनों टीम के बीच 3 वनडे और 5 T20I की सीरीज होगी। पहले वनडे सीरीज खेली जाएगी। मुकाबले 11 जनवरी, 14 जनवरी और 18 जनवरी को वडोदरा, राजकोट और इंदौर में होंगे।
21 से 31 जनवरी के बीच 5 टी20 की सीरीज होगी। इसकी शुरुआत नागपुर से होगी। दूसरा मैच 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा। तीसरा मुकाबला 25 जनवरी को गुवाहाटी में होना तय है। 28 जनवरी को वाइजैग में चौथा T20 होगा । 31 जनवरी को आखिरी T20 तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।
T20 वर्ल्ड कप कब से खेला जाएगा?
T20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे। टूर्नामेंट का आगाज 7 फरवरी को होगा। जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीता था।
इसी दौरान रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने T20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट ले लिया था। इसके बाद टीम में काफी बदलाव आए हैं। इस बार भारतीय टीम पहली बार सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में यह टूर्नामेंट खेलेगी।

