बुमराह का रऊफ को जेट सेलिब्रेशन आन्सर: बोल्ड करने के बाद जेट गिराने वाला जेस्चर; पाकिस्तानी प्लेयर हर उकसावे वाली हरकत से दूर रहे
Published:
2 min read

जसप्रीत बुमराह ने रऊफ को आउट करने के बाद फाइटर जेट गिराने का सेलिब्रेशन किया था। बुमराह ने 17.5वीं बॉल पर रऊफ को बोल्ट किया। (फोटो क्रेडिट;सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में फाइनल से पहले भारत और पाकिस्तान की टीम दो बार आमने-सामने हुईं और दोनों बार हमारी टीम ने एकतरफा जीत हासिल की। वैसे खास बात यह भी रही कि दोनों ही बार मैच में विवाद हुए। दोनों टीम ने हैंडशेक नहीं किए। पाकिस्तान के प्लेयर्स ने कभी गन सेलिब्रेशन किया तो कभी फाइटर जेट गिराने का एक्शन दिखाया। पहलगाम हमले और इसके बाद दोनों देशों की बीच कन्फ्लिक्ट को मैदान पर दिखाने की कोशिश हुई।
एक्शन का जवाब एक्शन से
पाकिस्तान की पारी का 18वां ओवर चल रहा था। बॉलर थे जसप्रीत बुमराह और सामने थे हारिस रऊफ। रऊफ ने ही 21 सितंबर को खेले गए मैच में फाइटर जेट गिराने का सेलिब्रेशन किया था। इस बार बुमराह ने 17.5वीं बॉल पर रऊफ को बोल्ट किया। इसके बाद कुछ अलग अंदाज में अपना दायां हाथ जेट गिराने के अंदाज में ऊपर से नीचे तक ले गए। हालांकि, उस वक्त इसे ज्यादा नोटिस नहीं किया गया। कुछ देर बाद जस्सी का यह सेलिब्रेशन सोशल मीडिया की जीनत बन गया और देखते ही देखते वायरल भी हो गया।

पहले क्या हुआ था
21 सितंबर को पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान ने हाफ सेंचुरी पूरी करने के बाद बैट को बंदूक की तरह पकड़ा और फायरिंग जैसा अंदाज दिखाया। इसी मैच में हारिस रऊफ बाऊंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे थे। दर्शक उनकी हूटिंग कर रहे थे। तब रऊफ ने जेट गिराने वाला जेस्चर दिया और इसके बाद 6-0 का फिगर हाथों के जरिए दिखाया।बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर में मात खाने के बावजूद पाकिस्तान आर्मी दावा करती है कि उसने भारत के 6 फाइटर जेट्स मार गिराए थे।

ICC से डर गए पाकिस्तानी
पाकिस्तानी प्लेयर्स ने इस मैच में इसलिए कोई सेलिब्रेशन इसलिए नहीं किया, क्योंकि ICC ने उन्हें साफ वॉर्निंग दी थी कि अगर किसी तरह की पुरानी हरकत दोहराई गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी ICC ने बता दिया था कि वो किसी तरह का कोई पॉलिटिकल स्टेटमेंट नहीं देंगे।

