जसप्रीत बुमराह का सीक्रेट: परफ्यूम की गहरी समझ पर अक्षर पटेल का मजेदार खुलासा, विंडीज के प्लेयर को भी यही गिफ्ट दिया था
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के पेसर जसप्रीत बुमराह को दुनिया उनकी सटीक बाॅलिंग शांत स्वभाव और मैच जिताने की क्षमता के लिए जानती है। लेकिन हाल ही में टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने बुमराह के एक ऐसे शौक का खुलासा किया है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते थे। यह शौक क्रिकेट से नहीं, बल्कि परफ्यूम (इत्र) से जुड़ा हुआ है। अक्षर ने एक शो मजेदार अंदाज में बताया कि बुमराह को परफ्यूम की कितनी गहरी जानकारी है।
बुमराह का परफ्यूम कलेक्शन
अक्षर ने हाल ही में एक शो पर कहा- बुमराह के पास परफ्यूम का बड़ा कलेक्शन है। वह इसे लेकर काफी गंभीर हैं। वह परफ्यूम को खुशबू की तरह नहीं देखते। बल्कि उसमें मौजूद तेल (ऑयल) और परफ्यूम के % तक की जानकारी रखते हैं, यानी कौन सा परफ्यूम कितना स्ट्रॉन्ग है, उसमें कितना ऑयल है और कितनी देर तक खुशबू टिकती है। बुमराह इन सब बातों पर ध्यान देते हैं।
अक्षर ने मजाक में कहा- हम तो बस हाथ पर लगाकर सूंघते हैं, अगर खुशबू तेज लगी तो कह देते हैं “कड़क है” और बस वही लगा लेते हैं। होस्ट ने अक्षर से पूछा कि क्या यह बुमराह का रिटायरमेंट के बाद का प्लान है, तो अक्षर ने हंसते हुए जवाब दिया कि “जस्सी भाई, बाद में हमें भी पार्टनरशिप में शामिल कर लेना।”
इस जवाब से साफ था कि पूरी टीम इस बात को लेकर मजाकिया मूड में थी। इसके अलावा शो में एक मजेदार किस्से का जिक्र हुआ। अक्षर ने बताया कि उन्होंने एक बार बुमराह के साथ एक शर्त जीती थी, जिसके बदले में बुमराह ने उन्हें एक परफ्यूम गिफ्ट किया। अक्षर ने इस किस्से को और आगे बढ़ाते हुए बताया कि बुमराह ने मोहम्मद सिराज से भी वादा किया था कि वह उन्हें परफ्यूम देंगे।

वेस्टइंडीज प्लेयर ने परफ्यूम के बारे में पूछा
अक्षर के मुताबिक- यह घटना वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच के बाद की है। उस समय वेस्टइंडीज टीम के उप-कप्तान जोमेल वॉरिकन ने बुमराह से उनके परफ्यूम के बारे में पूछा था। सिराज ने मजाक में कहा कि जिसे परफ्यूम पसंद आया है, उसे दे दो। आखिरकार बुमराह ने वह परफ्यूम दे दिया। अक्षर ने आखिर बताया कि वह भी इस बातचीत में शामिल हो गए और मजाक में बुमराह ने उनसे कहा कि अब वह उन्हें भी परफ्यूम देंगे।

