श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले बुमराह फिट: दोनों मैच खेलने के लिए तैयार, पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले में होगा
Published: Updated:
3 min read

जसप्रीत बुमराह ने अपना आखिरी टेस्ट नवंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेला था।
स्पोर्ट्स डेस्क. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए राहत की खबर आई है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट हो गए हैं। वे दोनों टेस्ट खेल सकते हैं। बुमराह ने BCCI के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपना फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है।
शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल की रेस में बने रहने के लिए दोनों टेस्ट जीतने जरूरी हैं। यही एक बड़ी वजह भी है कि बुमराह का फिट होना टीम के लिए राहत की बात है।
फिटनेस टेस्ट पास करते ही मिली हरी झंडी
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बुमराह को चोट लगी थी। इसी वजह से वह लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से बाहर हो गए थे। हालांकि बुमराह को श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करना जरूरी था।
अब उन्होंने COE का फिटनेस टेस्ट क्लियर कर लिया है और दोनों टेस्ट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। BCCI के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी से कहा- बुमराह पूरी तरह फिट हैं और टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। उम्मीद है कि वह दोनों टेस्ट मैच खेलेंगे।
भारत को क्यों मिली बड़ी राहत?
बुमराह की वापसी ऐसे समय हुई है जब टीम इंडिया पहले से कई खिलाड़ियों की चोट से परेशान है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण बाहर हैं। नीतीश कुमार रेड्डी भी क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं। वहीं वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट की वजह से पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे।
इनको देखते हुए सिलेक्टर ने घरेलू क्रिकेट और इंडिया-ए के लिए परफॉर्मेंस करने वाले ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को टीम में शामिल किया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज आकाश दीप भी पीठ की चोट से उबर रहे है।

WTC की रेस में हर मैच अहम
भारत इस समय वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर है, जबकि श्रीलंका छठे नंबर पर है। फाइनल की रेस में बने रहने के लिए भारत को अपने बचे हुए 9 टेस्ट में कम से कम 7 जीतने होंगे। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीतना जरूरी है।

पेस अटैक हुआ और मजबूत
बुमराह के आने से भारत का तेज गेंदबाजी काफी मजबूत हो गया है। उनके साथ मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे। गुरनूर को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है। उन्होंने हाल ही में इंडिया-ए की ओर से श्रीलंका-ए के खिलाफ गाले टेस्ट में 10 विकेट लिए थे। वहीं रविंद्र जडेजा भी अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट में आराम के बाद अब टीम में वापसी कर रहे हैं।
कब होंगे दोनों टेस्ट?
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में होगा।
सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।

