बुमराह के बौना कहने पर बावुमा का रिएक्शन: बोले- उन्होंने जो कहा उसे कभी भूलना नहीं चाहिए
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. साउथ अफ्रीका ने पिछले ही महीने भारतीय दौरे पर 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी20 की सीरीज खेली थी। टेस्ट सीरीज के पहले मैच में एक बड़ा विवाद सामने आया था। इसका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा को बौना कहते दिख रहे हैं। इस पर अब बावुमा का रिएक्शन आया है।
बावुमा ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के लिए कॉलम लिखा, जिसमें कहा कि उन्होंने जो कहा उसे कभी भूलना नहीं चाहिए। इसे याद रखने से आपको मैच में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए मोटिवेशन मिलता है। उस बात को फ्यूल की तरह इस्तेमाल करना चाहिए।
कोलकाता टेस्ट का है ये सारा मामला
दरअसल, यह सारा माजरा कोलकाता टेस्ट के पहले दिन का है। बावुमा के पैड पर बुमराह की एक गेंद लगी। पूरी टीम ने अपील की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। अब बुमराह सोच रहे थे कि DRS लेना चाहिए या नहीं। तभी विकेटकीपर ऋषभ पंत वहां आए और दोनों के बीच थोड़ी बातचीत हुई।
पंत ने कहा- बॉल शायद स्टंप के ऊपर से जा रही है। तब बुमराह को बौना कहते सुना गया। दरअसल, वे कहना चाह रहे थे कि बावुमा की हाइट कम है तो बॉल स्टम्प पर लगने के चांस हैं। ऐसे में DRS लेना चाहिए। हालांकि बुमराह ने पंत की बात मानकर DRS नहीं लिया, जो सही फैसला था।
फील्ड पर जो होता है, उसे वहीं छोड़ दें
बावुमा ने कॉलम में लिखा- मुझे पता चला कि उन्होंने अपनी भाषा में मुझे कुछ कहा। दिन का खेल खत्म होने के बाद दोनों पंत और बुमराह मेरे पास आए और उन्होंने मुझसे माफी मांगी। उन्होंने मुझसे माफी मांगी तो मुझे समझ नहीं आया कि ये क्या हुआ। तब मुझे कुछ भी सुनाई नहीं दिया था।
मामला समझने के लिए मैंने अपने मीडिया मैनेजर से बात की। फिर मैंने सोचा कि जो फील्ड पर होता है, उसे वहीं छोड़ देना चाहिए। हालांकि उन्होंने जो कुछ कहा, उसे नहीं भूलना चाहिए। उसे आपको फ्यूल की तरह इस्तेमाल करना चाहिए और मोटिवेशन लेना चाहिए। मगर मैं अब ये सब भुला चुका हूं।

