मनु भाकर के कोच जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन: म्यूनिख में तबीयत बिगड़ी थी, कॉमनवेल्थ गेम्स में 9 गोल्ड जीते थे
Published: Updated:
2 min read

जसपाल राणा के कोचिंग में मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए 2 मेडल जीते थे। (फोटो सोर्स -सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय शूटर और ओलिंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर के कोच जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुवार रात दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के प्रेसिडेंट कालीकेश नारायण सिंह देव ने उनके निधन की पुष्टि की।
म्यूनिख वर्ल्ड कप के दौरान हुई थी तबीयत खराब
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ISSF वर्ल्ड कप के दौरान म्यूनिख में उन्हें सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई थी। शुरुआत में उन्होंने इसे एसिडिटी समझा। भारत लौटते समय फ्लाइट में फिर तबीयत बिगड़ गई। दिल्ली पहुंचते ही उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टर्स ने जांच के बाद हार्ट में ब्लॉकेज पाया। स्टेंट डाला गया था। उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा था, लेकिन गुरुवार रात उनका निधन हो गया।

कॉमनवेल्थ में जीते कई गोल्ड
जसपाल राणा ने 1994, 1998, 2002 और 2006 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीते। 2006 दोहा एशियन गेम्स में उन्होंने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल इवेंट में 3 गोल्ड मेडल जीतकर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
उनकी कोचिंग में मनु भाकर ने पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए 2 मेडल जीते थे। 1994 में मिलान वर्ल्ड चैंपियनशिप के जूनियर वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने इंटरनेशनल स्टेज पर अपनी पहचान बनाई थी। उस दौरान उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर भी बनाया था।

