इस्लामाबाद ब्लास्ट के बाद श्रीलंकाई प्लेयर डरे: बोर्ड ने धमकी देकर कहा- पाकिस्तान में सीरीज खेलें, लौटे तो कार्रवाई होगी
Published: Updated:
3 min read

श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच पहला वनडे रावलपिंडी में खेला गया था। इस मैच में पाकिस्तान ने 6 रन से जीत दर्ज की थी। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. राजधानी इस्लामाबाद में हुए सुसाइड बम ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान क्रिकेट की भी दुनिया में फजीहत हो रही है। इस धमाके में 12 लोगों की जान गई थी। इसी दिन श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच 3 मैचों की सीरीज का पहला वनडे रावलपिंडी में खेला गया था। सीरीज के आखिरी दो वनडे रावलपिंडी में ही खेले जाने हैं। ब्लास्ट के बाद श्रीलंकाई प्लेयर्स काफी डरे नजर आए।
ज्यादातर खिलाड़ियों ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) से घर लौटने की अपील की थी, लेकिन बोर्ड ने उनकी यह मांग मंजूर नहीं की। साथ ही एक आदेश जारी करते हुए धमकी भरे शब्दों में कहा कि सभी प्लेयर पाकिस्तान में शेड्यूल के मुताबिक सीरीज खेलें। यदि कोई घर लौटा तो कार्रवाई होगी।
जिम्बाब्वे टीम का आना भी मुश्किल
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, आखिरी दोनों वनडे 13 और 15 नवंबर को रावलपिंडी में खेले जाने थे। अब यह मैच यहीं 14 और 16 नवंबर को खेले जाएंगे।

इसके बाद पाकिस्तान को अपने ही घर में जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ टी20 फॉर्मेट में ट्राई सीरीज भी खेलनी है। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ब्लास्ट के बाद जिम्बाब्वे टीम ने पाकिस्तान आने से इनकार कर दिया है। फिलहाल, दोनों बोर्ड के बीच बात चल रही है। जल्द ही कोई आधिकारिक बयान सामने आएगा।
19 नवंबर से होनी है ट्राई सीरीज
यह ट्राई सीरीज 19 नवंबर से खेली जानी है। पहला मैच रावलपिंडी में ही होना है। इसके बाद बाकी सभी मुकाबले पहले से लाहौर में शेड्यूल हैं, लेकिन अब इन मैचों को भी रावलपिंडी में शिफ्ट कर दिया गया है।
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच पहला वनडे रावलपिंडी में खेला गया था। इस मैच में पाकिस्तान ने 6 रन से जीत दर्ज की थी। मुकाबले में सलमान अली आगा ने 105 रन की नाबाद पारी खेली थी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था।
सुसाइड अटैकर ने किया था ब्लास्ट
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के जिला न्यायिक कॉम्पलेक्स के पास कार में मंगलवार (11 नवंबर) दोपहर विस्फोट हुआ था। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा घायल हैं। इंटीरियर मिनिस्टर मोहसिन नकवी ने कहा था- सुसाइड अटैकर ने कोर्ट परिसर में घुसने की कोशिश की थी। उसने नाकाम होने पर एक पुलिस गाड़ी के पास विस्फोटक लगा दिया था।
2009 में श्रीलंकाई टीम पर हमला हुआ था
पाकिस्तान में 3 मार्च 2009 को श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर आतंकी हमला हुआ था। इसमें सभी प्लेयर बाल-बाल बचे थे। इसके बाद से पाकिस्तान में कई सालों तक क्रिकेट बंद सा हो गया था। इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाली टीमों ने पाकिस्तान दौरा करने से मना कर दिया था।
इस हमले के बाद पहली टीम जिम्बाब्वे थी, जो पाकिस्तान आई थी। उसने मई 2015 में वनडे और टी20 सीरीज खेली थी। इसके बाद 2017 में वर्ल्ड इलेवन के साथ सीरीज हुई। इस तरह पाकिस्तान में इंटरनेशनल क्रिकेट की वापसी हुई।

