ईशान किशन की तीन साल बाद वनडे में वापसी: सिलेक्टर्स को फिर सोचने पर किया मजबूर, 125 रन की पारी ने बढ़ाई वर्ल्ड कप 2027 की दावेदारी
Published: Updated:
3 min read

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में शतक लगाने के बाद जश्न मनाते भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन।
स्पोर्ट्स डेस्क.करीब तीन साल पहले भारतीय वनडे टीम से बाहर हुए ईशान किशन ने एक बार फिर अपनी दमदार बल्लेबाजी से सबको प्रभावित कर दिया है। लखनऊ में अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे में 125 रन की पारी खेली और यह दिखा दिया कि वह अभी भी इंडिया टीम में अपनी जगह बना सकते हैं।
ईशान ने 2021 में वनडे डेब्यू किया था। शुरुआत में उन्हें ज्यादातर दूसरी टीमों के साथ खेलने का मौका मिला, लेकिन दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ लगाए गए दोहरे शतक ने उनकी किस्मत बदल दी। उस मैच में उन्होंने 210 रन बनाकर वनडे की सबसे तेज डबल सेंचुरी लगाई थी। इसके बाद वह भारत की वर्ल्ड कप 2023 की टीम में शामिल हो गए थे।
2022 में 210 की पारी खेली थी
ईशान की सबसे बड़ी खासियत है कि वे किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी है। वह ओपनिंग भी कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर मिडिल ऑर्डर में भी खेल सकते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ डबल सेंचुरी लगाने के बाद उन्होंने वेस्टइंडीज दौरे पर मिडिल ऑर्डर में लगातार तीन हाफ सेंचुरी लगाई थीं। 2023 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुश्किल हालात में 82 रन की अहम पारी खेलकर टीम को संभाला था।
वर्ल्ड कप 2023 से पहले विकेटकीपर को लेकर ईशान और केएल राहुल के बीच कड़ी टक्कर थी। आखिरकार राहुल को टीम में जगह मिली। ईशान को वर्ल्ड कप में शुरुआती मैचों में मौका मिला, लेकिन शुभमन गिल की वापसी के बाद उन्हें फिर बेंच पर बैठना पड़ा।

सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खारिज कर दिया गया
इसके बाद ईशान के कॅरियर में मुश्किल दौर आया। उन्होंने मेंटली थकान के कारण क्रिकेट से ब्रेक लिया। घरेलू क्रिकेट नहीं खेलने की वजह से उनका BCCI का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खारिज कर दिया गया। कई लोगों को लगा कि शायद अब उनकी वापसी मुश्किल होगी, लेकिन ईशान ने हार नहीं मानी।
उन्होंने झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना शुरू किया और धीरे-धीरे अपनी लय वापस हासिल की। पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने और झारखंड को खिताब भी जिताया। इसी प्रदर्शन के दम पर उनकी भारतीय टीम में वापसी हुई।

शुभमन गिल के साथ 224 रन की साझेदारी
अफगानिस्तान सीरीज में भी शायद उन्हें मौका नहीं मिलता, लेकिन विराट कोहली के चोटिल होने के बाद टीम में जगह मिली। ईशान ने इस मौके को हाथ से जाने नहीं दिया। पहले मैच में 34 रन बनाए और फिर दूसरे मैच में शुभमन गिल के साथ 224 रन की साझेदारी करते हुए 79 गेंदों पर 125 रन बना दिए।
पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर भी मानते हैं कि ईशान ने लगभग वर्ल्ड कप का टिकट पक्का कर लिया है। अगर वह इसी तरह रन बनाते रहे तो आने वाले समय में विराट कोहली, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर जैसे बड़े खिलाड़ियों पर भी दबाव बढ़ सकता है।


