वैभव ने ईशान और तिलक को स्लेज किया: DRS के क्रेडिट पर सूर्यवंशी ने किशन से कहा- आप मैदान से बाहर गए तब मैंने ही तो फैसले लिए थे
Published: Updated:
3 min read

ईस्ट जोन ने पहली पारी की बड़ी बढ़त के आधार पर मैच अपने नाम कर दलीप ट्रॉफी जीत ली।
स्पोर्ट्स डेस्क. दलीप ट्रॉफी 2026-27 में ईस्ट जोन को चैंपियन बनाने के बाद कप्तान ईशान किशन और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के बीच मजेदार बातचीत का वीडियो वायरल हो रहा है। वैभव ने मजाकिया अंदाज में साउथ जोन टीम के कप्तान तिलक वर्मा को मैच में स्लेज किया था। जीत के बाद अपने ही कप्तान ईशान किशन को भी स्लेज किया।
पहले ईशान ने DRS लेने का क्रेडिट लेने को लेकर वैभव की टांग खींची, तो वैभव ने भी अपने कप्तान को तुरंत जवाब दे दिया। ईशान ने कहा कि मैं भी DRS लेने वाला था, लेकिन सारा क्रेडिट तुझे मिल गया। इस पर वैभव ने कहा कि जब आप मैदान से बाहर गए थे तब मैंने ही तो फैसले लिए थे।
ईस्ट जोन ने फाइनल में साउथ जोन को हराकर 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी का खिताब जीता। फाइनल में ईशान किशन ने डबल सेंचुरी लगाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ईशान बोले- हर रिव्यू का क्रेडिट ले लिया
BCCI ने फाइनल के बाद एक वीडियो शेयर किया, जिसमें ईशान किशन ने वैभव को लेकर मजाक किया। उन्होंने कहा कि वैभव ने हर DRS रिव्यू का क्रेडिट ले लिया, जबकि कई बार ईशान खुद रिव्यू लेने वाले थे। ईशान ने कहा कि वैभव उनके पास आकर इतने कॉन्फिडेंस से कहता था कि रिव्यू लेना है, जिसके बाद इंटरनेट पर भी हर रिव्यू का क्रेडिट वैभव को मिलने लगा।
वैभव ने मजेदार जवाब दिया
ईशान की बात सुनकर वैभव ने भी तुरंत जवाब दिया। उन्होंने कप्तान को याद दिलाया कि जब सेमीफाइनल में ईशान इंजरी के कारण मैदान से बाहर गए थे, तब रिव्यू लेने की जिम्मेदारी कौन संभाल रहा था।
वैभव ने कहा- जब आप फील्ड के बाहर गए थे, तब कौन रिव्यू ले रहा था? ये भी तो बता दीजिए।
वैभव के इस जवाब पर ईशान ने उनकी तारीफ की और उन्हें फ्यूचर कप्तान तक बता दिया। ईशान ने कहा- फ्यूचर कप्तान, शायद? देखते हैं आगे क्या होता है।
VIDEO Credit- BCCI
कमेंटेटर भी वैभव की DRS स्किल के फैन हुए
ईशान ने यह भी बताया कि मैच के दौरान कमेंटेटर्स भी वैभव की DRS को लेकर समझ की तारीफ कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कमेंट्री में यहां तक कहा गया कि अगर रिव्यू लेना है तो वैभव सूर्यवंशी के पास जाना चाहिए। ईशान ने कहा कि वैभव टीम के हर मेंबर का ध्यान रखते हैं। आगे चलकर यह काफी अच्छा करेगा। छोटा है लेकिन बहुत समझदार भी है।
तिलक वर्मा से भी हुई थी मजेदार नोकझोंक
दलीप ट्रॉफी फाइनल के दौरान वैभव सूर्यवंशी की साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा के साथ भी मजेदार नोकझोंक हुई थी। पहली पारी में तिलक ने वैभव से स्लेजिंग की थी। फाइनल के चौथे दिन जब तिलक बैटिंग के लिए आए तो वैभव ने भी उन्हें जवाब दिया।
इस दौरान दोनों के कंधे टकराने का मामला भी सामने आया। अब इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में वैभव अंपायर से बात करते हुए कहते नजर आ रहे हैं, “सर, फर्स्ट इनिंग में तो मेरे साथ भी ऐसे ही हुआ था। मुझे भी स्लेजिंग की गई थी।
वीडियो क्रेडिट- स्टार स्पोर्ट्स।
13 साल बाद ईस्ट जोन चैंपियन बना
ईस्ट जोन ने फाइनल की पहली पारी में 708 रन का बड़ा स्कोर बनाया था। ईशान किशन ने डबल सेंचुरी लगाई। इसके जवाब में साउथ जोन की टीम 325 रन पर ऑलआउट हो गई। ईस्ट जोन ने पहली पारी की बड़ी बढ़त के आधार पर मैच अपने नाम कर दलीप ट्रॉफी जीत ली। टीम ने 2012-13 सीजन के बाद पहली बार यह ट्रॉफी जीती है।

