छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं: पाकिस्तानी टीम को इरफान पठान की वॉर्निंग, कहा- तुम मैदान पर या मैदान के बाहर, कहीं नहीं जीत पाओगे
Published:
3 min read

पठान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा- मैं पहले भी पाकिस्तान टीम को यही सलाह दे चुका हूं कि अपने काम से काम रखो। अगर हद पार की तो फिर भारत की तरफ से जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहना। टीम इंडिया की तरफ से माकूल जवाब मिलेगा। (फोटो सोर्स;सोशल मिडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच दो मैच हो चुके हैं। इन दोनों में ही टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराया। हैंडशेक से शुरू हुई कन्ट्रोवर्सी में गन सेलिब्रेशन जैसे दूसरे विवाद भी जुड़ते चले गए। इन विवादों पर बयानबाजी भी जारी है। इस कड़ी में नया बयान टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का आया है। पठान ने पाकिस्तानी टीम को सलाह दी है कि वो सिर्फ खेल पर फोकस करें, क्योंकि मैदान हो या मैदान के बाहर, वो भारत को नहीं हरा सकते।
काम से काम रखने में फायदा
पठान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा- मैं पहले भी पाकिस्तान टीम को यही सलाह दे चुका हूं कि अपने काम से काम रखो। अगर हद पार की तो फिर भारत की तरफ से जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहना। टीम इंडिया की तरफ से माकूल जवाब मिलेगा।
The behaviour of Pak players on the field was very poor. My msg is clear. Full video on my YouTube channel. pic.twitter.com/Dm9YmTXqRG
— Irfan Pathan (@IrfanPathan) September 22, 2025
पाकिस्तानी प्लेयर्स की हरकतें समझ से परे
21 सितंबर को मैच में साहिबजादा फरहान ने हाफ सेंचुरी लगाई और उसके बाद बैट को बंदूक की तरह पकड़कर ‘गन सेलब्रेशन’ किया। कुछ इसी तरह की हरकत हारिस रऊफ ने बाउंड्री लाइन पर की। फैन्स उनको ‘कोहली-कोहली’ कहकर चिढ़ा रहे थे। टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद पाकिस्तान से किसी तरह की राइवलरी की बात को भी मजाक में टाल दिया था। उन्होंने कहा था- अगर कोई टीम 10 में 8 या 9 बार जीतती है तो फिर कैसी राइवलरी?
पठान ने कहा- पाकिस्तान टीम किस तरह की हरकतें कर रही थी, इसका जवाब अभिषेक ने पहले बैट और बाद में सोशल मीडिया पर भी दिया। इस नए लड़के पर पर्सनल अटैक किए जा रहे थे। पोस्ट मैच प्रेजेन्टेशन में भी उसने इस बात का जिक्र किया था। उसने कहा था- आप बोलते रहिए, हम जीतते रहेंगे।

हम शुरुआत नहीं करते
पठान ने कहा- आमतौर पर हम भारतीय कभी किसी को उकसाते नहीं हैं। हिस्ट्री उठाकर देख लीजिए, आपको मेरी बात का जवाब मिल जाएगा। हालांकि, इसका मतलब ये कतई नहीं है कि आप कुछ भी करेंगे और हम चुप रहेंगे। फिर चाहे ऑस्ट्रेलिया हो या पाकिस्तान, आपको जवाब मिलेगा और भरपूर मिलेगा।
पठान ने आगे कहा- हमारा हिसाब बिल्कुल सीधा है। आप छेड़ोगे तो हम छोड़ेंगे नहीं। इसमें पाकिस्तानियों की गलती भी नहीं है, वो भी क्या करें, उनकी परवरिश ही ऐसे माहौल में होती है। हारिस रऊफ से मेरी मुलाकात ऑस्ट्रेलिया में हुई थी। तब मुझे वो अच्छा इंसान लगा था। अब उसने जो किया है, उससे पता लगता है कि उसकी परवरिश भी वैसे ही हुई, जैसे बाकी पाकिस्तानियों की होती है।

ग्राउंड पर पर्सनल मत होना
पठन ने आखिर में कहा- ग्राउंड पर आप क्रिकेट खेलने आते हैं। अगर वहां जाकर भी आप पर्सनल होंगे तो बात दूर तलक जाएगी। अगर पाकिस्तानी ये सोचते हैं कि वो कुछ भी करते रहेंगे और हमारे प्लेयर्स चुप रहेंगे तो ये मुगालता दिल से निकाल दो। उन्हें बिल्कुल जवाब मिलेगा और माकूल मिलेगा। हालांकि, वो जो हरकतें कर रहे हैं, उनसे मैं बिल्कुल हैरान नहीं हूं। वो पहले भी इसी तरह का रवैया दिखाते थे।


