कुत्ते का गोश्त खाकर भौंक रहा है: जब फ्लाइट में इरफान पठान ने शाहिद अफरीदी को लताड़ा, 20 साल बाद किया खुलासा
Published:
3 min read

इरफान पठान ने 29 टेस्ट, 120 वनडे और 20 T20I मैच खेले। जबकि अफरीदी ने 27 टेस्ट, 398 वनडे और 99 T20I मुकाबले खेले। (सोशल मीडिया)
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान ने पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को 11 बार आउट किया है। इन दोनों के बीच कई बार पंगे भी हुए हैं। इरफान ने 2006 का एक किस्सा सुनाते हुए बताया कि फ्लाइट में एक बार अफरीदी ने उनसे पंगा लिया था। तब उन्होंने लताड़ लगाते हुए कहा था कि अफरीदी कुत्ते का गोश्त खाकर भौंक रहा है।
अफरीदी ने इरफान को नकली पठान कहा
इरफान पठान ने लल्लनटॉप से कहा- “शाहिद अफरीदी से मेरे काफी पंगे हुए। मैंने उसे 11 बार आउट किया। उनके साथ एक अलग सी लड़ाई इसलिए भी थी, क्योंकि मुझे लगा कि पाकिस्तानियों को ऐसा लगता है जैसे दुनिया के सभी मुसलमानों की जिम्मेदारी उन्होंने ही ले रखी है। उनकी ये गलतफहमी है। मुझे लगता है कि थोड़ा ठहरो, रुको और अपने आप पर ध्यान दो। ये मैंने पर्सनल लेवल पर महसूस किया है।”
“दूसरा ये है कि एक बार हर्षा भोगले के साथ इंटरव्यू में अफरीदी ने पठानों को लेकर बात की थी। तब हर्षा को काउंटर करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने नहीं किया। अफरीदी ने कहा था कि मैं असली पठान हूं और वो (इरफान) नकली पठान हैं। ऐसा उन्होंने मुझे कहा। वो बदतमीज आदमी है। आप ये मुझसे नहीं मेरे वालिदैन (माता-पिता) से कह रहो हो। आप ये बात नहीं करते तो मुझे आपसे कोई प्रोब्लम ही नहीं है। आप पर्सनल होते हो ये सही नहीं है।”
फ्लाइट में अफरीदी की बोलती बंद की
इरफान ने कहा कि मैदान पर अफरीदी से कोई पंगा नहीं हुआ, लेकिन मैदान के बाहर जरूर हुआ है। उन्होंने 2006 के पाकिस्तान दौरे का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि भारतीय और पाकिस्तानी टीम एक ही फ्लाइट से कराची से लाहौर जा रहे थे।
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा- “फ्लाइट में अफरीदी ने मेरे सिर पर हाथ रखा और बाल बिगाड़ दिए। उसने कहा- बच्चे कैसा है? मैंने चौंकते हुए कहा- तू कब से बाप बन गया। बच्चों वाली हरकतें तेरी हैं। मेरे सिर पर हाथ लगाकर बाल खराब कर रहा है। ना मेरी दोस्ती तुझसे और ना कुछ है, क्यों बदतमीजी करनी है। अफरीदी कुछ बदजुबानी करने लगा। मेरे पास में अब्दुल रज्जाक थे। मैंने उनसे पूछा- यहां गोश्त कौन सा मिलता है। मैंने पूछा कुत्ते का गोश्त मिलता है क्या?”
“रज्जाक ने हैरानी से पूछा- ऐसा क्यों बोल रहे हो? मैंने पास में बैठे अफरीदी की ओर इशारा करके कहा- उसने खाया हुआ है, कब से भौंक रहा है। ये बात सुनकर अफरीदी गुस्सा में लाल हो गया, लेकिन कुछ बोल नहीं सका। जितना बोलेगा मैं बोलूंगा उतना भौंक रहा है। फिर फ्लाइट में शांति हो गई।”

