इरफान पठान को IPL कमेंट्री से क्यों निकाला: कोहली-रोहित या हार्दिक पंड्या, कौन थे असली वजह; पूर्व गेंदबाज ने किया खुलासा
Published:
4 min read

इरफान पठान ने 29 टेस्ट, 120 वनडे और 20 T20I मैच खेले। जबकि हार्दिक पंड्या ने अब तक 11 टेस्ट, 94 वनडे और 114 T20I मुकाबले खेले। (सोशल मीडिया)
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 सीजन में कमेंट्री से बाहर कर दिया गया था। तब खबरें आईं थी कि विराट कोहली और रोहित शर्मा को क्रिटिसाइज करने के कारण पठान को बाहर किया है। कुछ रिपोर्ट्स थीं कि हार्दिक पंड्या की वजह से उन पर यह एक्शन लिया गया है।
40 साल के इस पूर्व क्रिकेटर ने खुद ही एक इंटरव्यू में इस मामले में खुलासा कर दिया है। उन्होंने इशारों में बता दिया कि कोहली या रोहित नहीं बल्कि पंड्या के कारण ही उन्हें बाहर किया गया। पठान ने कहा कि वे तो उनका काम कर रहे थे। बतौर कमेंटेटर आलोचना और तारीफ करना ही उनका काम भी था।
इरफान ने कोहली को सपोर्ट किया था
किसको क्रिटिसाइज कर दिया जो आपको IPL की कमेंट्री से बाहर कर दिया गया? इसके जवाब में इरफान ने लल्लनटॉप से कहा- “अगर एक खिलाड़ी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है तो तारीफ करना, लेकिन नहीं कर रहा है तो क्रिटिसाइज करना। ये किसका काम है? कमेंटेटर का। कमेंटेटर्स की रिस्पॉन्सिब्लिटी प्लेयर के लिए नहीं फैन्स के लिए है।”
कोहली को लेकर इरफान ने कहा- “2019, 2020 में विराट का खराब दौर आया था। मैंने तब उन्हें काफी सपोर्ट किया था। ये दौर 5 साल चलता तो यह बात सही नहीं होती, क्योंकि टीम से बढ़कर कुछ नहीं है। तब कोहली एक ही तरह से आउट हो रहे थे। इसका मतलब ये नहीं कि वो बुरा प्लेयर है। वो चैम्पियन प्लेयर है, लेकिन वो हो तो रहा है ना। आपको वो डीटेल के साथ बयां करना है।”
कप्तान नहीं होते तो रोहित प्लेइंग-11 से बाहर होते
रोहित की खराब फॉर्म पर इरफान ने कहा- “रोहित शर्मा व्हाइट बॉल (वनडे-टी20) में कमाल का खिलाड़ी, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उस साल 6 का एवरेज। तब हमने कहा कि ये कप्तान नहीं होता तो टीम में नहीं होता। मगर लोगों ने एक इंटरव्यू की क्लिप चलाकर कहा कि हमने उन्हें सपोर्ट किया, लेकिन ऐसा भी है कि हमने क्रिटिसाइज भी किया। ये भी कहा कि अगर कप्तान नहीं होते तो प्लेइंग-11 में नहीं होते।”
पंड्या के साथ कोई राइवलरी नहीं है
इरफान बोले- “जैसा कि आपने हार्दिक की बात कही। IPL में 14 मैच होते हैं। मैंने 7 बार क्रिटिसाइज किया है, तो 7 बार मैंने हल्का हाथ रखा है। गलती आपने 14 बार की है। मैंने दिखाई 7 बार है। ये हमारा काम है।”
हार्दिक पंड्या के साथ राइवलरी को लेकर इरफान ने कहा- “कोई राइवलरी नहीं है। बड़ोदरा के जितने भी खिलाड़ी ऊपर आए हैं। उनमें से दीपक हुड्डा और स्वप्निल सिंह से लेकर हार्दिक-क्रुणाल तक कोई भी एक खिलाड़ी ये नहीं कह सकता कि इरफान पठान और यूसुफ पठान ने हमें सपोर्ट नहीं किया।”
“कोई भी दौर हो। यहां तक कि कुछ साल पहले, 2 साल पहले भी कोई ये नहीं कह सकता कि हमने उन्हें सपोर्ट नहीं किया। यहां तक कि वीवीएस लक्ष्मण ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा था कि मैं कान पकड़ता हूं जो इरफान की बात नहीं मानी। अगर बात मान लेता तो आज हार्दिक सनराइजर्स के लिए खेल रहा होता। ये बात लक्ष्मण ने कही थी। आज हर एक प्लेयर के पास कुछ ना कुछ PR कम्पनी है। ये बातें वहीं से चलती हैं।”
IPL 2024 में पंड्या को सपोर्ट भी किया था
हार्दिक पंड्या IPL 2024 में मुंबई इंडियंस के कप्तान बने थे, तब उन्हें कई मैचों में हूटिंग का सामना करना पड़ा था। दर्शक उन्हें "बूइंग" कर रहे थे, जिसका मतलब है हूटिंग या सीटी बजाकर विरोध करना।
इसको लेकर इरफान ने कहा- “लाइव मैच में मैंने कहा था कि प्लेयर को आप खेल के लिए क्रिटिसाइज करो, लेकिन ऐसे नहीं। जब तक आप क्रिकेट खेलोगे आपकी आलोचना होगी। ग्रेट सुनील गावस्कर और ग्रेट सचिन तेंदुलकर का भी हुआ। पर वो गेम से बड़े हैं, ऐसा एहसास उन्होंने कभी नहीं दिलाया। यहां भी मैंने उसको (हार्दिक) को सपोर्ट किया और कहा कि किसी प्लेयर के लिए ऐसे अल्फाज (गलत शब्द) इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।”

