IPL की वजह से PSL का शेड्यूल बदला: मुल्तान टीम को नहीं मिला खरीदार, अकरम बने ब्रांड एम्बेसडर
Published: Updated:
2 min read

पाकिस्तान सुपर लीग 26 मार्च से शुरू होने वाली थी, लेकिन अब इसे 23 मार्च से शुरू करने का फैसला लिया गया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के बीच टकराव देखने को मिलेगा। इससे पहले ही पाकिस्तानी बोर्ड इस टकराव से डरने लगा है। उसने PSL के शेड्यूल में थोड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। पाकिस्तानी लीग 26 मार्च से शुरू होने वाली थी, लेकिन अब इसे 23 मार्च से शुरू करने का फैसला लिया गया है।
हालांकि इस फैसले पर अभी PSL की सभी फ्रेंचाइजीज की मुहर लगना बाकी है। यह जानकारी पाकिस्तानी बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है। बता दें कि IPL 2026 की तारीखें सामने नहीं आई हैं, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि टूर्नामेंट 26 मार्च से शुरू हो सकता है।
दूसरी ओर पाकिस्तानी बोर्ड PSL के इस 11वें सीजन की ओपनिंग सेरेमनी को भव्य बनाना चाहता है। यही कारण है कि उसने IPL के आगाज से 3 दिन पहले PSL शुरू करने का फैसला किया है।
मुल्तान टीम को PCB खुद देखेगा
इसके अलावा नकवी ने बताया है कि इस साल मुल्तान सुल्तान टीम का कोई ऑनर नहीं रहेगा। उसे कोई खरीदार नहीं मिला है। नकवी ने कहा कि अब पाकिस्तानी बोर्ड ही इस सीजन में मुल्तान टीम को चलाएगा। इस सीजन के बाद दूसरा ऑनर तलाश किया जाएगा।
मुल्तान टीम के ऑनर अली तरीन थे, जिन्होंने बोर्ड के साथ कुछ विवादों के चलते लीग से हटने का फैसला किया। हालांकि PCB ने अली तरीन के लिए दरवाजे खुले रखे हैं और कहा है कि यदि वे चाहें तो भविष्य में किसी नई टीम को खरीद सकते हैं।
अकरम बने PSL के ब्रांड एम्बेसडर
नकवी ने बताया है कि पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर वसीम अकरम को PSL का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। टीमों की नीलामी के दिन अकरम ऑक्शनर की भूमिका निभाएंगे।
PCB चीफ ने कहा कि 2026 सीजन के लिए मुल्तान सुल्तान टीम के हेड कोच का ऐलान भी जल्द किया जाएगा। यह कोच सिर्फ एक सीजन के लिए रहेंगे।

