राजस्थान अगला मैच जीती तो प्लेऑफ में एंट्री पक्की: लखनऊ को 7 विकेट में हराया, वैभव के 38 बॉल पर 93 रन
Published: Updated:
3 min read

वैभव सूर्यवंशी ने 38 बॉल पर 93 रन की पारी खेली। इसमें 10 सिक्स और 7 चौके लगाए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 64वां मैच राजस्थान रॉयल्स (RR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच मंगलवार (19 मई) को खेला गया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुए इस मैच को राजस्थान टीम ने 7 विकेट से 19.1 ओवर में जीत लिया। इसी के साथ यह टीम अब पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है। अब यदि राजस्थान टीम अपना अगला यानी आखिरी मैच जीतती है तो प्लेऑफ में एंट्री पक्की हो जाएगी। अगला मैच 24 मई को मुंबई इंडियंस से होगा। फिफ्टी लगाने वाले वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लखनऊ के खिलाफ मौजूदा मैच में राजस्थान टीम के कप्तान यशस्वी जायसवाल ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया था। रेग्युलर कैप्टन रियान पराग चोट के चलते मैच से बाहर रहे। ऐसे में यशस्वी को कमान दी गई।
राजस्थान टीम 225/3, वैभव-जुरेल की फिफ्टी
लखनऊ टीम ने 221 रन का टारगेट सेट किया, जिसे राजस्थान टीम ने 3 विकेट गंवाकर 19.1 ओवर में ही चेज कर लिया। वैभव सूर्यवंशी ने 38 बॉल पर 93 रन की पारी खेली। इसमें 10 सिक्स और 7 चौके लगाए। ध्रुव जुरेल ने 38 बॉल पर नाबाद 53 रन बनाए।
यशस्वी जायसवाल ने 23 बॉल पर 43 रन की पारी खेली। लखनऊ टीम के लिए आकाश सिंह और मोहसिन खान ने 1-1 विकेट लिया।
लखनऊ टीम 220/5, मार्श-इंग्लिस की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ टीम ने 5 विकेट पर 220 रन बनाए। मिचेल मार्श ने 57 बॉल पर 96 रन की पारी खेली। इस दौरान 5 सिक्स और 11 चौके लगाए। जोश इंग्लिस ने 29 बॉल पर 60 रन बनाए। इसमें 3 सिक्स और 7 चौके लगाए।
आखिर में LSG के कप्तान ऋषभ पंत ने 23 बॉल पर 35 रन की पारी खेली। मार्श और पंत रनआउट हुए। राजस्थान टीम के लिए यश राज पुंजा ने 2 औऱ जोफ्रा आर्चर ने 1 विकेट लिया।
राजस्थान के लिए डू आर डाई
RR टीम के लिए यह करो या मरो का मुकाबला था। यह मैच जीतकर टीम 14 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर पहुंच गई है। अब प्लेऑफ के लिए अगला मैच हर हाल में जीतना होगा।
दूसरी ओर लखनऊ की टीम है, जो प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है। इस टीम ने अब तक 13 मैच खेले और सिर्फ 4 जीते हैं। 9 में उसे हार मिली। LSG अभी पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है।
RR Vs LSG हेड-टू-हेड
कुल मैच: 8
राजस्थान जीती: 6
लखनऊ जीती: 2
दोनों प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल (कप्तान), लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा, शुभम दुबे, दासुन शनाका, जोफ्रा आर्चर, सुशांत मिश्रा, संदीप शर्मा, ब्रिजेश शर्मा और यश राज पुंजा।
इम्पैक्ट सब: वैभव सूर्यवंशी, युद्धवीर सिंह, अमन राव पेराला, रवि बिश्नोई और रियान पराग।
लखनऊ सुपर जाइंट्स: मिचेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शहबाज अहमद, मोहसिन खान, मयंक यादव, आकाश सिंह और प्रिंस यादव।
इम्पैक्ट सब: मुकुल चौधरी, मणिमारन सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह राठी, हिम्मत सिंह और अर्शिन कुलकर्णी।

