RCB का फोकस अटैकिंग क्रिकेट पर: फाइनल से पहले कप्तान पाटीदार बोले- किसी भी बॉलर को आराम नहीं करने देंगे
Published:
2 min read

RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने 33 बॉल पर नाबाद 93 रन बनाए। वे प्लेयर ऑफ द मैच बने।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 के क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इस जीत के बाद RCB के कप्तान रजत पाटीदार का बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पाटीदार ने कहा– 'हम ट्रॉफी जीतने जा रहे हैं।' उनका यह बयान अब बाकी टीमों के लिए एक खुली चेतावनी माना जा रहा है।
साथ ही पाटीदार ने कहा कि RCB का फोकस अटैकिंग क्रिकेट पर है। मीटिंग में तय हुआ था कि क्वालिफायर-1 में किसी भी बॉलर को आराम नहीं करने देंगे। फाइनल में भी यही रणनीति लागू रहेगी।
आखिरी के 5 ओवर में 100 से ज्यादा रन
धर्मशाला में खेले गए इस क्वालिफायर-1 में पाटीदार ने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए। मैच के आखिरी 6 ओवर्स में RCB ने 114 रन बनाए और IPL प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 254 रन बनाए। दूसरी ओर गुजरात की टीम दबाव में आ गई और लक्ष्य का पीछा करते हुए 162 रन पर ऑलआउट हो गई।

टीम का फीयरलेस खेलना पहले से तय था
पाटीदार ने मैच के बाद कहा- टीम का पूरा फोकस अटैकिंग क्रिकेट पर है। हर बल्लेबाज मैदान पर उतरते ही फियरलेस सोच के साथ खेलता है। हालांकि टीम मीटिंग में भी यही तय हुआ था कि किसी भी गेंदबाज को आराम नहीं दिया जाएगा।
पाटीदार ने आगे कहा- वो शुरुआत में कुछ बॉल खेलकर पिच को समझते हैं। करीब 8–10 बॉल के बाद पूरी तरह से अटैकिंग मोड में आ जाते हैं। फिर विकेट की टेंशन छोड़कर सिर्फ रन बनाने पर ध्यान देते हैं।

फाइनल 31 मई को
इस जीत के साथ RCB टीम ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी बना लिया है। वह IPL इतिहास में लगातार दो बार फाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है। अब RCB फाइनल में क्वालिफायर-2 की विनर टीम से खेलेगी। यह मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

