RCB की टॉप पोजिशन पक्की: नंबर-2 के लिए गुजरात-हैदराबाद में टक्कर, IPL प्लेऑफ में टॉप-2 टीम एक हार के बाद भी फाइनल में जा सकती हैं, जानिए कैसे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन के लिए प्लेऑफ की तीन टीमें तय हो गई हैं। चौथी टीम की एंट्री बाकी है। प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीनों टीमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटन्स (GT) हैं। अब इन तीनों के बीच टॉप-2 की जंग शुरू हो गई है।
RCB 18 पॉइंट्स के साथ टॉप पर
फिलहाल, बेंगलुरु टीम इस वक्त 13 मैच में 18 पॉइंट्स के साथ टॉप पर काबिज है। उसे एक मैच और खेलना है। उसका नेट रनरेट भी प्लस में 1.065 काफी ज्यादा है। ऐसे में उसका टॉप पर रहना तो लगभग पक्का ही है।
अब बात दूसरे नंबर की है। इसके लिए हैदराबाद और गुजरात टीम के बीच टक्कर रहेगी। दोनों के 13 मैच में 16 पॉइंट्स हैं। उन्हें आखिरी मैच खेलना है। नेट रनरेट में भी दोनों बेहद करीब हैं। ऐसे में दोनों का आखिरी मैच ही तय करेगा कि कौन सी टीम दूसरे और कौन सी तीसरे नंबर पर रहेगी।

टॉप-2 टीमों को क्या फायदा
आइए अब जान लेते हैं कि आखिर किसी टीम के लिए प्लेऑफ के लिए टॉप-2 की पोजिशन इतनी जरूरी क्यों है?
दरअसल, टॉप-2 में रहने वाली टीम को प्लेऑफ में एक बड़ा और अहम फायदा मिलता है। यह टीम एक मैच हार जाती है, तब भी उसे फाइनल में जाने के लिए दूसरा मौका यानी एक और मैच खेलने को मिलता है। यदि पहला मैच जीत लेती हो तो सीधे फाइनल में पहुंचती है।
जबकि तीसरे और चौथे नंबर पर रहने वाली टीम को प्लेऑफ में लगातार 2 मैच जीतने होते हैं, तब कहीं जाकर वो फाइनल में पहुंचती है। यहां एक भी मैच हारने पर वो बाहर हो जाती है। यही कारण है कि हर एक टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में रहने के लिए जोर लगाती हैं।

प्लेऑफ के शेड्यूल से जल्दी समझ आएगा
- आसानी से समझने के लिए प्लेऑफ का शेड्यूल समझ लीजिए। इस राउंड में सबसे पहले क्वालिफायर-1, उसके बाद एलिमिनेटर और फिर क्वालिफायर-2 मैच होता है। इसके बाद फाइनल खेला जाता है।
- पॉइंट्स टेबल टॉप-2 टीम को खिताब के लिए क्वालिफायर-1 और फाइनल जीतना होता है। जबकि तीसरे और चौथे नंबर की टीम को टाइटल के लिए एलिमिनेटर, क्वालिफायर-2 और फिर फाइनल जीतना होता है।
- यदि कोई टॉप-2 में रहने वाली टीम क्वालिफायर-1 में हारती है, तो उसे क्वालिफायर-2 खेलने का मौका मिलता है। यह जीतकर वो फाइनल में पहुंच सकती है।
- जबकि एलिमिनेटर में हारने वाली टीम बाहर हो जाती है, जबकि जीतने वाली टीम को क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम के साथ क्वालिफायर-2 मैच खेलना होता है।
IPL प्लेऑफ का शेड्यूल
क्वालिफायर-1: नंबर-1 Vs नंबर-2 टीम, 26 मई (धर्मशाला)
एलिमिनेटर: नंबर-3 Vs नंबर-4 टीम, 27 मई (न्यू चंडीगढ़)
क्वालिफायर-2: क्वालिफायर-1 हारने वाली टीम Vs एलिमिनेटर की विजेता, 29 मई (न्यू चंडीगढ़)
फाइनल: क्वालिफायर-1 जीतने वाली टीम Vs क्वालिफायर-2 की विजेता, 31 मई (अहमदाबाद)

