KKR की जीत से प्लेऑफ की रेस इंटरेस्टिंग : MI को 4 विकेट से हराया, अब आखिरी टिकट के लिए 5 टीमों में लड़ाई
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने IPL 2026 के 65वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) को 4 विकेट से हरा दिया। यह मैच 20 मई (बुधवार) को ईडन गार्डन्स में खेला गया। इसके बाद प्लेऑफ का इक्वेशन अब इंटरेस्टिंग हो गया है। शुरुआती 6 मैच में 5 हार झेलने वाली KKR अब लगातार जीत के साथ रेस में है।
टीम अब 13 मैच में 6 जीत, 6 हार और एक बेनतीजा मुकाबले के साथ 13 पॉइंट्स लेकर पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर पहुंच गई है।
इन टीमों ने क्वालिफाई किया
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु(RCB), गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पहले ही प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुके हैं। अब सिर्फ 1 पोजिशन बाकी है। इसके लिए 5 टीमों के बीच मुकाबला है।
राजस्थान रॉयल्स (RR) के पास सबसे ज्यादा 14 पॉइंट्स हैं। टीम को आखिरी मैच जीतना जरूरी है। अगर राजस्थान हारती है, तब KKR, PBKS, CSK और DC के लिए मौका खुल जाएगा।
राजस्थान Vs मुंबई मैच इम्पोर्टेंट
KKR की उम्मीदें अब राजस्थान Vs मुंबई मैच पर टिकी हैं। अगर राजस्थान जीत जाता है, तो KKR बाहर हो जाएगी। वहीं राजस्थान हारता है, तब KKR को दिल्ली के खिलाफ अपना आखिरी मैच जीतना होगा।

मैच का हाल
मुकाबले में KKR ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। बारिश की वजह से मैच करीब 1 घंटे देरी से शुरू हुआ। MI ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 147 रन बनाए। कॉर्बिन बॉश ने 18 बॉल पर नाबाद 32 और कप्तान हार्दिक पंड्या ने 26 रन बनाए।
कोलकाता की ओर से कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे और कार्तिक त्यागी ने 2-2 विकेट लिए। सुनील नरेन को भी 1 सफलता मिली।
148 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी KKR की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 54 रन तक 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद मनीष पांडे और रोवमैन पॉवेल ने 47 बॉल में 64 रन की पार्टनरशिप की। KKR ने 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर मैच जीत लिया।

