किसे मिलेगी प्लेऑफ में एंट्री: महज 11 मैच बाकी, 8 टीमें अभी भी रेस में; जानिए A टू Z सिनेरियो
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। लीग स्टेज के सिर्फ 11 मुकाबले बाकी हैं, लेकिन अभी तक कोई भी टीम प्लेऑफ की टिकट हासिल करने में कामयाब नहीं हुई है। अभी भी 10 में से आठ टीमें इस दौड़ में शामिल हैं। कुछ टीमों का रास्ता आसान दिख रहा है, तो कुछ का बेहद मुश्किल। इस आर्टिकल में हम रेस में शामिल सभी टीमों का सिनेरियो लेकर आए हैं...

CSK के लिए अब हर मैच फाइनल जैसा हो गया है। टीम के 12 मैचों में 12 अंक हैं और दो मुकाबले बाकी हैं। अगर CSK एक मैच हार जाती है, तो भी उसके पास प्लेऑफ में पहुंचने का मौका रहेगा। हालांकि ऐसे में उसे दूसरी टीमों के मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। दोनों मुकाबले जीतने के बाद उसका दावा मजबूत हो सकता है, हालांकि इस स्थिति में भी उसे कुछ टीमों की हार की कामना करनी होगी।

गुजरात टाइटंस इस समय सबसे मजबूत टीमों में से एक दिख रही है। टीम के 16 अंक हैं और सिर्फ एक जीत उन्हें प्लेऑफ में पहुंचा देगी। लगातार पांच जीत के बाद गुजरात अच्छे फॉर्म में है। अगर GT दोनों मैच जीतती है तो टॉप-2 में जगह बना लेगी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस इस बार काफी खुश नजर आ रहे हैं क्योंकि टीम फॉर्म में है। RCB के भी 16 अंक हैं और सिर्फ एक जीत उन्हें प्लेऑफ में पहुंचा देगी। टीम का नेट रन रेट भी काफी मजबूत है। हालांकि दोनों बाकी मैच बाहर खेलने हैं, जहां इस सीजन उनका प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा है। अगर RCB दोनों मैच जीत गई तो टॉप-2 रह सकती है।

सनराइजर्स हैदराबाद के पास अभी 14 अंक हैं और टीम को अपने दोनों बचे मुकाबले जीतने होंगे। अगर SRH ऐसा कर लेती है तो वह लगभग प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। लेकिन अगर एक भी मैच हार गई तो फिर नेट रन रेट और दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। टीम का बल्लेबाजी फॉर्म अच्छा है, लेकिन दबाव में प्रदर्शन अहम रहेगा।
पंजाब किंग्स लगातार 5 हार के बावजूद अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। टीम के 13 अंक हैं। अगर पंजाब अपने दोनों मैच जीत लेती है तो 17 अंक के साथ सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। लेकिन अगर एक मैच हार गई तो फिर दूसरी टीमों की हार की उम्मीद करनी पड़ेगी।

RR के लिए अब आगे का हर मुकाबला करो या मरो जैसा है। टीम के 12 अंक हैं और तीन मैच बाकी हैं। अच्छी बात ये है कि सामने ऐसी टीमें हैं जो पहले ही बाहर हो चुकी हैं। अगर राजस्थान तीनों मैच जीत लेती है तो प्लेऑफ पक्का है। लेकिन खराब फॉर्म टीम के लिए चिंता की बात है क्योंकि पिछले कुछ मैचों में लगातार हार मिली है। दो मुकाबले जीतने पर भी उसके प्लेऑफ में एंट्री के चांस बने रहेंगे लेकिन शर्त वही रहेगी कि दूसरे मैचों के नतीजे उसके मुताबिक निकलें।

कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के सिर्फ 9 अंक हैं और अब ज्यादा से ज्यादा 15 अंक तक ही पहुंच सकती है। इसके लिए भी KKR को अपने तीनों मैच जीतने होंगे। उसे दूसरी टीमों के हारने की दुआ भी करनी होगी। अच्छी बात ये है कि बाकी सारे मैच घरेलू मैदान पर हैं।

दिल्ली कैपिटल्स टीम के 10 अंक हैं और नेट रन रेट सबसे खराब है। दिल्ली को अपने दोनों मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे ताकि नेट रन रेट सुधर सके। इसके बाद भी टीम को दूसरी टीमों के नतीजों का इंतजार करना पड़ेगा। कुल मिलाकर दिल्ली के लिए प्लेऑफ का रास्ता सबसे कठिन दिख रहा है।

