RCB प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम: पंजाब को 23 रन से हराया, वेंकटेश और कोहली की फिफ्टी; रसिक को 3 विकेट
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 61वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच रविवार (17 मई) को खेला गया। धर्मशाला में हुए इस मैच को बेंगलुरु टीम ने 23 रन से जीतकर प्लेऑफ में एंट्री कर ली। इसी के साथ बेंगलुरु इस IPL सीजन के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी है।
मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद RCB ने 223 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में पंजाब टीम 8 विकेट पर 199 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया।
पंजाब किंग्स 199/8, रसिक को 3 विकेट
PBKS टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। उसने 19 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। 93 रन पर आधी टीम सिमट गई। इसके बाद मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह ने 32 बॉल पर 67 रन की पार्टनरशिप कर टीम को संभाला, लेकिन जीत नहीं दिला सके। आखिर में पंजाब किंग्स 8 विकेट गंवाकर 199 रन ही बना सकी।
शशांक ने 27 बॉल पर 56 रन की पारी खेली। इसमें 4 सिक्स और 4 ही चौके लगाए। स्टोइनिस ने 25 बॉल पर 37 रन बनाए। कूपर कोनोली ने 22 बॉल पर 37 और सूर्यांश शेडगे ने 22 बॉल पर 35 रन बनाए। RCB के लिए रसिक सलाम ने 3 और भुवनेश्वर कुमार ने 2 विकेट लिए। जोश हेजलवुड,, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड को 1-1 विकेट मिला।
बेंगलुरु 222/4, कोहली-वेंकटेश की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए RCB ने 4 विकेट गंवाकर 222 रन बनाए। वेंकटेश अय्यर ने 40 बॉल पर 73 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें 4 सिक्स और 8 चौके लगाए।
विराट कोहली ने 37 बॉल पर 58 रन की पारी खेली। देवदत्त पडिक्कल ने 25 बॉल पर 45 और टिम डेविड ने 12 बॉल पर 28 रन बनाए। हरप्रीत बरार ने 2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को 1-1 सफलता मिली।
पंजाब के लिए अब डू आर डाई
इस हार के बाद पंजाब के लिए अब करो या मरो का मामला हो गया है। यह टीम अभी 13 मैच में 13 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर काबिज है। पंजाब ने 13 में से 6 मैच जीते और 6 हारे हैं। एक बेनतीजा रहा था। अब अगला मैच हर हाल में जीतना होगा, उसके बाद भी प्लेऑफ की गारंटी नहीं रहेगी। बाकी टीमों के हार जीत पर डिपेंड रहना होगा।
दूसरी ओर बेंगलुरु की टीम ने यह मैच जीतकर प्लेऑफ में एंट्री कर ली है। इस टीम ने अब तक 13 मैच खेले और 9 जीते हैं। 4 में उसे हार मिली। RCB अभी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है।
PBKS Vs RCB हेड-टू-हेड
कुल मैच: 38
पंजाब जीती: 18
बेंगलुरु जीती: 20
दोनों प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर/कप्तान), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा।
इम्पैक्ट सब: रसिख सलाम डार, जॉर्डन कॉक्स, अभिनंदन सिंह, स्वप्निल सिंह और कनिष्क चौहान।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बरार, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद, मुशीर खान और प्रवीण दुबे।

