पंजाब की लगातार 5वीं हार: प्लेऑफ के लिए अब डू आर डाई; मुंबई 6 विकेट से जीती, तिलक की नॉटआउट फिफ्टी
Published: Updated:
3 min read

तिलक वर्मा ने 33 बॉल पर नाबाद 75 रन की पारी खेली। इसमें 6 सिक्स और 6 ही चौके लगाए। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 58वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच गुरुवार (14 मई) को खेला गया। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हुए इस मैच को मुंबई ने 6 विकेट से जीत लिया। MI पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है, लेकिन अब पंजाब के सामने डू आर डाई का मामला हो गया है। उसे प्लेऑफ के लिए बाकी बचे दोनों मैच जीतने होंगे।
हार्दिक पंड्या चोट के चलते यह लगातार तीसरा मैच नहीं खेले। सूर्यकुमार यादव निजी कारणों से घर गए हैं। ऐसे में जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में कप्तानी संभाली। मैच में मुंबई टीम ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद पंजाब टीम ने 201 रन का टारगेट सेट किया, जिसे MI ने चेज कर लिया।
MI टीम 205/4, तिलक की फिफ्टी
मुंबई टीम ने 4 विकेट गंवाकर 205 रन बनाए और मैच अपने नाम किया। तिलक वर्मा ने 33 बॉल पर नाबाद 75 रन की पारी खेली। इसमें 6 सिक्स और 6 ही चौके लगाए। ओपनर रेयान रिकेल्टन ने 23 बॉल पर 48 रन बनाए।
रोहित शर्मा और विल जैक्स ने 25-25 रन बनाए। पंजाब टीम के लिए अजमतुल्लाह उमरजई ने 2 विकेट लिए। मार्को यानसेन और युजवेंद्र चहल को 1-1 सफलता मिली।
पंजाब टीम 200/8, प्रभसिमरन की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पंजाब टीम की शुरुआत अच्छी रही थी। उसने 50 रन पर पहला और 107 पर दूसरा विकेट गंवाया था। इसके बाद विकेट्स का गिरना शुरू हुआ तो रुका ही नहीं। टीम ने 111 रन पर तीसरा विकेट गंवाया।
इसके बाद 140 के स्कोर तक 7 प्लेयर पवेलियन लौट गए थे। इस दौरान सिर्फ ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने 32 बॉल पर 57 रन की पारी खेली। प्रियांश ने 22 और कूपर कोनोली ने 21 रन बनाए। आखिर में अजमतुल्लाह उमरजई ने 17 बॉल पर 38 रन की पारी खेली।
जेवियर बार्टलेट ने 7 बॉल पर नाबाद 18 और विष्णु विनोद ने 8 बॉल पर नाबाद 15 रन बनाए। इसके बदौलत पंजाब टीम ने 8 विकेट पर 200 रन बनाए। मुंबई के लिए शार्दुल ठाकुर ने 4 विकेट लिए। दीपक चाहर को 2 सफलता मिली। राज बावा और कॉर्बिन बॉश ने 1-1 विकेट लिया।
मुंबई पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर
पंजाब के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी था। यह टीम अभी 13 अंक के साथ पॉइंट्स में चौथे नंबर पर काबिज है। पंजाब ने अब तक 12 में से 6 मैच जीते और 5 हारे हैं। एक बेनतीजा रहा था। शुरुआती 7 मैच में अजेय रहने के बाद पंजाब की यह लगातार 5वीं हार है। प्लेऑफ के लिए अब पंजाब को बाकी बचे दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। एक हार उसे बाहर कर देगी।
दूसरी ओर मुंबई की टीम है, जो पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। इस टीम ने अब तक 12 मैच खेले और सिर्फ 4 जीते हैं। 8 में उसे हार मिली। मुंबई अभी पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर है।
MI Vs PBKS हेड-टू-हेड
कुल मैच: 36
पंजाब जीती: 18
मुंबई जीती: 18
दोनों प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, सूर्यांश शेडगे, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: विजयकुमार वैशाक, हरप्रीत बराड़, मिचेल ओवेन, विष्णु विनोद और प्रवीण दुबे।
मुंबई इंडियंस: रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह (कप्तान) और रघु शर्मा।
इम्पैक्ट सब: रोहित शर्मा, मयंक रावत, रॉबिन मिंज, कृष भगत और ट्रेंट बोल्ट।

