15 दिसंबर को हो सकता है IPL ऑक्शन: नीलामी विदेश में होगी या घर में, कन्फर्म नहीं; रिटेंशन की लास्ट डेट 15 नवंबर
Published: Updated:
2 min read

IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने खिताब जीता था।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए मिनी ऑक्शन इस बार भी दिसंबर में हो सकता है। यह नीलामी देश में होगी या विदेश में, इसको लेकर अब तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि प्लेयर्स के रिटेंशन की आखिरी तारीख 15 नवंबर होगी। यानी इस तारीख तक हर एक फ्रेंचाइजी को अपने रिटेन और रिलीज प्लेयर्स की लिस्ट सौंपनी होगी।
क्रिकबज के मुताबिक, इस बार IPL मिनी ऑक्शन दिसंबर के दूसरे या तीसरे हफ्ते में हो सकता है। इसके लिए 13 से 15 दिसंबर की विंडो पर चर्चा हो रही है। इसमें भी 15 तारीख को नीलामी होने की उम्मीद सबसे ज्यादा है। हालांकि IPL गवर्निंग काउंसिल ने इस पर अभी कोई हिंट या बयान नहीं दिया है।
चेन्नई-राजस्थान टीम से रिलीज हो सकते हैं कई प्लेयर
ना ही यह पता चल सका है कि नीलामी विदेश में होगी या घर में। इससे पहले दो बार मिनी ऑक्शन विदेश में हो चुके हैं। 2023 में दुबई और 2024 में सऊदी अरब के जेद्दा में मिनी ऑक्शन हुआ था। IPL फ्रेंचाइजीज के एक सूत्र ने बताया कि इस बार मिनी ऑक्शन भारत में हो तो इस पर कोई आश्चर्च नहीं होगा।
इस बार चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम में बड़े बदलाव हो सकते हैं। चेन्नई फ्रेंचाईजी दीपक हुड्डा, विजय शंकर, राहुल त्रिपाठी, सैम करन और डेवॉन कॉन्वे को रिलीज कर सकती है।
संजू-वेंकटेश भी ऑक्शन में उतर सकते हैं
पांच बार IPL खिताब जीतने वाली चेन्नई टीम के स्पिनर आर अश्विन ने संन्यास ले लिया है। ऐसे में उनके पर्स में अब 9.75 करोड़ रुपए आ गए हैं। दूसरी ओर राजस्थान टीम के कप्तान संजू सैमसन भी ऑक्शन में उतर सकते हैं। इसके अलावा यह टीम श्रीलंकाई स्पिनर वानिंदु हसारंगा और महीश तीक्ष्णा को भी रिलीज कर सकती है।
इन सबके अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी अपने स्टार प्लेयर वेंकटेश अय्यर को रिलीज कर सकती है। पिछली नीलामी में वेंकटेश को 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।

