IPL 2026 ऑक्शन: 1355 खिलाड़ी रजिस्टर्ड, 10 टीम में 77 की जगह खाली; कोलकाता टीम सबसे मालामाल
Published: Updated:
3 min read

ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन पीठ में चोट के चलते पिछले ऑक्शन में शामिल नहीं हुए थे।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए मिनी ऑक्शन इस बार देश से बाहर होगी। यह नीलामी 16 दिसंबर को अबुधाबी में होगी। इसके लिए 1355 खिलाड़ी रजिस्टर हुए हैं। जबकि सभी 10 टीमों में सिर्फ 31 विदेशी समेत 77 खिलाड़ियों की जगह ही खाली है। 30 नवंबर को रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख थी। इस बार सबसे मालामाल टीम कोलकाता नाइट राइडडर्स (64.3 करोड़) है। ऑस्ट्रेलियाई ग्लेन मैक्सवेल इस बार IPL ऑक्शन में नहीं उतरेंगे।
आगे की प्रोसेस अब यह रहेगी कि सभी 10 फ्रेंचाइजीज इन रजिस्टर्ड प्लेयर्स में से कुछ शॉर्टलिस्ट कर भेजेंगी। इसकी तारीख 5 दिसंबर है। इसके बाद 1355 रजिस्टर्ड प्लेयर्स में से कुछ शॉर्टलिस्ट प्लेयर्स की लिस्ट जारी की जाएगी। इन खिलाड़ियों पर ही ऑक्शन में बोली लगेगी।
2 करोड़ की बेस प्राइस वाली कैटेगरी में 45 खिलाड़ी
फिलहाल, 45 खिलाड़ियों ने 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस वाली कैटेगरी के लिए अपना नाम रजिस्टर्ड करवाया है। यह हाइएस्ट बेस प्राइस है। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन, इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टन, श्रीलंका के मथिशा पथिराना और वानिंदु हसारंगा शामिल हैं। इस लिस्ट में सिर्फ 2 भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई और ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर हैं।
ग्रीन पीठ में चोट के चलते पिछले ऑक्शन में शामिल नहीं हुए थे। उन पर केकेआर टीम बड़ी बोली लगा सकती है, क्योंकि उनके स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने संन्यास ले लिया है। ऐसे में केकेआर को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर अच्छे फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर की तलाश है।
10 टीमों के पर्स में 237.55 करोड़ रुपए
इसके लिए सभी 10 टीमों के पर्स में अब 237.55 करोड़ रुपए बाकी हैं। इनमें भी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के पर्स में सबसे ज्यादा 64.3 करोड़ रुपए बचे हैं। यानी यह टीम बड़ी बोली लगाने की कंडीशन में है। KKR ज्यादा से ज्यादा 13 प्लेयर और खरीद सकती है।
पॉइंट्स में समझें पूरा समीकरण…
- इस बार सभी 10 टीमों ने कुल 173 खिलाड़ी रिटेन किए हैं। इनमें 49 विदेशी प्लेयर हैं।
- हर टीम में ज्यादा से ज्यादा 25 प्लेयर हो सकते हैं। ऐसे में मिनी ऑक्शन में ज्यादा से ज्यादा 77 खिलाड़ियों पर बोली लग सकती है।
- इन सभी 77 प्लेयर्स को खरीदने के लिए 10 टीमों के पास पर्स में अब 237.55 करोड़ रुपए बाकी हैं।
- पंजाब किंग्स ने सबसे ज्यादा 21 प्लेयर रिटेन किए हैं। KKR में सबसे ज्यादा 13 और सनराइजर्स हैदराबाद टीम में 10 प्लेयर की जगह खाली है।

