पंजाब अब भी प्लेऑफ की रेस में: लखनऊ को 18 ओवर में हराकर नेट रनरेट मजबूत किया, कप्तान श्रेयस की पहली सेंचुरी
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 68वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच शनिवार (23 मई) को खेला गया। लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच को पंजाब टीम ने 7 विकेट से 18 ओवर में ही जीत लिया। इस नतीजे के साथ ही पंजाब टीम अब भी प्लेऑफ की रेस में बरकरार है। कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद सेंचुरी लगाई। उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। इसके बाद लखनऊ टीम ने 197 रन का टारगेट सेट किया, जिसे पंजाब ने 3 विकेट गंवाकर चेज किया। टीम ने 18 ओवर में 200 रन बनाकर मैच जीता।

पंजाब 200/3 (18 ओवर), श्रेयस की सेंचुरी
मैच में पंजाब टीम की भी शुरुआत खराब रही थी। उसने 22 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद श्रेयस और प्रभसिमरन सिंह ने 76 बॉल पर 140 रन की पार्टनरशिप कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। सरपंच साहब के नाम से मशहूर श्रेयस ने IPL कॅरियर की पहली सेंचुरी लगाई।
उन्होंने 51 बॉल पर नाबाद 101 रन बनाए। श्रेयस ने 18वें ओवर की आखिरी बॉल पर सिक्स लगाकर मैच जिताया और अपनी सेंचुरी भी पूरी की। उन्होंने पारी में 5 सिक्स और 11 चौके लगाए। प्रभसिमरन ने 39 बॉल पर 69 रन बनाए। लखनऊ के लिए मोहम्मद शमी ने 2 और अर्जुन तेंदुलकर ने 1 विकेट लिया।
लखनऊ टीम 196/6, इंग्लिस की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने 20 रन पर 2 विकेट गंवाए। इसके बाद जोश इंग्लिश ने आयुष बदोनी के साथ 23 बॉल पर 49 रन की पार्टनरशिप की। फिर कप्तान ऋषभ पंंत के साथ 43 बॉल पर 65 रन की साझेदारी हुई। इस तरह टीम ने 6 विकेट पर 199 रन बनाए।
इंग्लिस ने 44 बॉल पर 72 रन की पारी खेली। बदोनी ने 18 बॉल पर 43 रन बनाए। कप्तान पंत 22 बॉल पर 26 रन ही बना सके। आखिर में अब्दुल समद 20 बॉल पर 37 रन बनाकर नाबाद लौटे। अर्जुन तेंदुलकर ने 5 बॉल पर नाबाद 5 रन बनाए। मार्को यानसेन और युजवेंद्र चहल ने 2-2 विकेट लिए।
पंजाब जीत के साथ प्लेऑफ की रेस में बरकरार
प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए पंजाब टीम को अपना यह आखिरी मैच हर हाल में जीतना था। उसने ऐसा ही किया। इस टीम के अब 14 मैच में 15 पॉइंट्स हो गए हैं। पंजाब को अब प्लेऑफ के लिए दुआ करनी होगी कि राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइड राइडर्स अपने आखिरी मैच हार जाए। कोलकाता करीबी अंतर से जीती तो पंजाब का क्वालिफाई पक्का होगा। यदि राजस्थान आखिरी मैच जीती तो पंजाब और कोलकाता बाहर होगी।
दूसरी ओर लखनऊ की टीम है, जो 14 मैच में 4 जीत के साथ सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है। 10 मैच में उसे हार मिली। लखनऊ टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
LSG Vs PBKS हेड-टू-हेड
कुल मैच: 8
पंजाब जीती: 5
लखनऊ जीती: 3
दोनों प्लेइंग-11
लखनऊ सुपर जायंट्स: जोश इंग्लिस, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, अर्जुन तेंदुलकर, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान।
इम्पैक्ट सब: शहबाज अहमद, दिग्वेश सिंह राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, हिम्मत सिंह और आकाश सिंह।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसेन, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सब: हरप्रीत बराड़, मार्कस स्टोइनिस, जेवियर बार्टलेट, विष्णु विनोद और प्रवीण दुबे।

