IPL 2026 से पहले KKR टीम में बदलाव: रिपोर्ट्स- अभिषेक नायर बनेंगे हेड कोच, चंद्रकांत पंडित की जगह लेंगे
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम में एक बड़ा बदलाव हुआ है। अभिषेक नायर जल्द ही हेड कोच का पद संभालेंगे। वे चंद्रकांत पंडित की जगह लेंगे। यह दावा इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में किया है। चंद्रकांत पंडित ने IPL 2025 सीजन में खराब प्रदर्शन के बाद कोच पद से इस्तीफा दे दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक KKR ने अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। फ्रेंचाइजी जल्द ही इसका ऐलान करेगी। हालांकि नायर को पिछले ही हफ्ते बता दिया गया कि उन्हें कोच पद संभालना है।
पहले भी KKR से जुड़ चुके हैं अभिषेक
अभिषेक नायर भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रह चुके हैं। उन्हें पिछले साल इस पद से हटाया गया तो KKR ने अभिषेक को स्टाफ में शामिल कर लिया था। इसके बाद से ही अटकलें तेज हो गई थीं कि उन्हें बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है।
इससे पहले भी अभिषेक नायर KKR टीम के साथ जुड़ चुके हैं। 2024 सीजन में कोलकाता टीम ने IPL खिताब जीता था। तब गौतम गंभीर इस टीम के मेंटर और नायर असिस्टेंट कोच थे। इसके बाद गंभीर और नायर दोनों ने अपना यह पद छोड़ दिया था और भारतीय टीम के साथ जुड़ गए थे।

अभिषेक ने सिर्फ 3 वनडे मैच खेले
42 साल के अभिषेक नायर का इंटरनेशनल करियर शुरू होती ही खत्म हो गया था। उन्होंने भारतीय टीम के लिए सिर्फ 3 वनडे मुकाबले खेले हैं। एक पारी में बैटिंग आई, लेकिन कोई रन नहीं बना सके। विकेट भी नहीं ले सके।
फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर नायर ने ओवरऑल 103 फर्स्ट क्लास, 99 लिस्ट-ए और 95 टी20 मुकाबले भी खेले। इसमें उन्होंने क्रमश: 5749, 2145 और 1291 रन बनाए।

