GT की जीत के बाद लीडरबोर्ड बदला: साई सुदर्शन और रबाडा नए नंबर-2, टॉप 5 में 4 इंडियन बैटर
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 56वां मैच गुजरात टाइटन्स (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मंगलवार (12 मई) को खेला गया। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ। इस मैच में गुजरात टीम ने 82 रन से जीत दर्ज की। इसके बाद ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस और भी इंटरेस्टिंग हो गई है। GT के स्टार ओपनर साई सुदर्शन और पेसर कगिसो रबाडा अब अपनी-अपनी लिस्ट में नंबर-2 पर पहुंच गए हैं।

साई सुदर्शन ने फिफ्टी लगाई
साई सुदर्शन ने SRH के खिलाफ 61 रन की अच्छी इंनिग खेली। यह उनकी लगातार तीसरी फिफ्टी रही। इसी के साथ वे कुछ देर के लिए IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बन गए थे।

हालांकि,SRH के विकेटकीपर बैटर हेनरिक क्लासेन ने बाद में उन्हें पीछे छोड़ दिया। क्लासेन ने मैच में 14 रन बनाए। अब उनके कुल 508 रन हो गए हैं। वहीं साई सुदर्शन 501 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। इस सीजन अब तक सिर्फ क्लासेन और साई सुदर्शन ही 500 रन का आंकड़ा पार कर पाए हैं।
रबाडा ने भुवनेश्वर की बराबरी की
GT के पेसर कगिसो रबाडा ने SRH के खिलाफ 3 विकेट लेकर पर्पल कैप रेस में छलांग लगाई। उन्होंने अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और आर स्मरण को आउट किया। अब रबाडा के 21 विकेट हो गए हैं। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार की बराबरी कर ली है। हालांकि, बेहतर इकॉनमी रेट के कारण भुवनेश्वर के पास अभी भी पर्पल कैप है।

प्रसिद्ध और होल्डर
लगभग एक महीने बाद वापसी करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिए और अब उनके 14 विकेट हो गए हैं। वहीं जेसन होल्डर ने सिर्फ 6 मैच में 13 विकेट लिए हैं।

