IPL 2026 के 5 स्टार, आयरलैंड-इंग्लैंड T20 में मौका मिल सकता है : प्रिंस ODI के बाद अब T20 टीम में आ सकते हैं, जानिए नए चेहरे और उनका रिकॉर्ड
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में कई युवा भारतीय खिलाड़ियों ने ऐसा खेल दिखाया कि अब उन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल सा है। इनमें 5 ऐसे प्लेयर हैं, जो जून-जुलाई में होने वाली आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह बना सकते हैं।
अफगानिस्तान सीरीज के बाद टीम इंडिया को 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो T20 मैच खेलने हैं। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ एक जुलाई से 5 मैचों की T20 सीरीज खेली जानी है। ऐसे में 5 चेहरे हैं, जिनके इंटरनेशनल डेब्यू की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है।
1. वैभव सूर्यवंशी

राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी इस सीजन सबसे बड़े सरप्राइज बनकर सामने आए। उन्होंने 13 मैच में 579 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 236 से ज्यादा रहा। सबसे बड़ी बात ये रही कि उन्होंने पूरे सीजन में 53 छक्के लगाए। वो एक IPL सीजन में 50 से ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बैटर भी बने। इंग्लैंड सीरीज में उन्हें मौका मिल सकता है।
2. आयुष म्हात्रे

आयुष म्हात्रे ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 6 पारियों में 201 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 178 रहा। हालांकि चोट की वजह से वे ज्यादा मुकाबले नहीं खेल पाए। अगर आयुष फिट रहे तो टीम इंडिया के लिए उनके नाम की चर्चा जरूर होगी।
3. कार्तिक त्यागी

पेसर कार्तिक त्यागी की IPL 2026 में जबरदस्त वापसी हुई। पिछले साल अनसोल्ड रहने वाले त्यागी को KKR ने मौका दिया। उन्होंने 13 मैचों में 18 विकेट हासिल किए। उनकी तेज गेंदबाजी और बेहतर कंट्रोल ने सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा है। इंग्लैंड जैसी पिचों पर उनकी गेंदबाजी काफी काम आ सकती है।
4 कार्तिक शर्मा

चेन्नई सुपर किंग्स के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने मुश्किल हालात में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने इस IPL सीजन में 11 मैच खेले, जिसमें 295 रन बनाए। भारत को मिडिल ऑर्डर में एक लेफ्ट हैंड विकेटकीपर बल्लेबाज की तलाश है और कार्तिक इस रोल में फिट बैठते दिख रहे हैं।
5. प्रिंस यादव

पेसर प्रिंस यादव ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खराब सीजन के बीच अपनी गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा। उन्होंने 14 मैच में 16 विकेट लिए और लगातार अच्छी लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी डेथ ओवर गेंदबाजी काफी मजबूत मानी जा रही है। ऐसे में इंग्लैंड दौरे के लिए उनका नाम आगे बढ़ सकता है। IPL के बाद होने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज के लिए प्रिंस को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। अब T20 मे भी जगह बना सकते है।

