IPL ऑक्शन के लिए 350 प्लेयर शॉर्टलिस्ट: 40 प्लेयर्स की बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए; डिकॉक-वेंकटेश जैसे कई नामों पर लगेगी बोली
Published:
2 min read

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 मिनी ऑक्शन के लिए 350 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर लिया है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मिनी ऑक्शन के लिए 350 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर लिया है। यह नीलामी 16 दिसंबर को अबुधाबी में होगी। इस बार 10 टीमों में 77 प्लेयर्स की जगह खाली है। इनमें 31 विदेशी स्लॉट भी शामिल हैं। इसके लिए 1,355 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन इनमें से 350 ही शॉर्टलिस्ट हुए।
डिकॉक का नाम लिस्ट में शामिल
साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बैटर क्विंटन डिकॉक ने इस ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया था, लेकिन एक फ्रेंचाइजी की सिफारिश के बाद डिकॉक का नाम भी शॉर्टलिस्ट में शामिल किया गया है। हाल ही में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में संन्यास से वापसी की है। उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ विशाखापत्तनम वनडे में शतक लगाया था। 33 साल के डिकॉक का बेस प्राइस 1 करोड़ रुपए है।
पिछले ऑक्शन में KKR ने उन्हें 2 करोड़ में खरीदा था, लेकिन इस बार उन्हें रिलीज कर दिया गया। 350 खिलाड़ियों में 40 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 2 करोड़ है, जिसमें वेंकटेश अय्यर और रवि बिश्नोई शामिल हैं।
ऑक्शन की शुरुआत कैप्ड प्लेयर्स से होगी
ऑक्शन की शुरुआत कैप्ड प्लेयर्स से होगी। इन्हें पांच कैटेगरी में बांटा गया है। बैटर, ऑलराउंडर, विकेटकीपर बैटर, फास्ट बॉलर और स्पिनर शामिल हैं। इसके बाद इन्हीं कैटेगरी के अनकैप्ड खिलाड़ियों की बारी आएगी। 350 खिलाड़ियों की लिस्ट देखें।

