BCCI के ऑफिस में चोरी: IPL 2025 की 261 जर्सी चुराने वाला सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार, इसकी कीमत 6.5 लाख रुपये
Published:
2 min read

IPL 2025 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने जीता। उसने फाइनल में पंजाब किंग्स (PBKS) को हराया था। यह RCB का पहला खिताब भी है। (BCCI)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के ऑफिस में चोरी की खबर सामने आई है। यह ऑफिस मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि BCCI ऑफिस से IPL 2025 की 261 जर्सी चोरी हुई हैं। इसकी कुल कीमत 6.5 लाख रुपये बताई गई है। यह चोरी सिक्योरिटी गार्ड ने की, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।
40 साल के इस आरोपी का नाम फारूक असलम बताया जा रहा है। चोरी हुई हर एक जर्सी की कीमत करीब 2500 रुपये है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी असलम को ऑनलाइन गैम्बलिंग की लत है। इसी के चलते उसने चोरी की है।
सभी जर्सी ऑनलाइन डीलर को बेचीं
यह सभी जर्सी एक ही टीम की नहीं बल्कि अलग-अलग फ्रेंचाइजी की हैं। हालांकि यह कन्फर्म नहीं है कि यह सभी जर्सी खिलाड़ियों के लिए थीं या पब्लिक के लिए। इस गार्ड ने यह सभी जर्सी हरियाणा के ऑनलाइन डीलर को बेची हैं। इस डीलर से आरोपी की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई।
यह जर्सी 13 जून को चोरी हुई थीं। मगर मामला ऑडिट के दौरान पकड़ा गया। इसमें सामने आया कि जर्सी का एक बॉक्स गायब है। इसके बाद CCTV चेक किए गए। इसमें यह असलम सभी जर्सी को एक बॉक्स में ले जाते हुए दिखा।
पुलिस सूत्रों ने TOI से कहा, 'आरोपी ने थोड़ा मोलभाव करने के बाद सभी जर्सी एक ऑनलाइन डीलर को बेच दीं। हालांकि यह खुलासा नहीं हुआ कि आरोपी को डील से कितने रुपये मिले हैं।'
जर्सी बेचकर मिला पैसा गैम्बलिंग में हारा
आरोपी ने इन सभी जर्सी को कुरियर के जरिए ऑनलाइन डीलर को भेजी थी। हरियाणा पुलिस ने जांच करते हुए डीलर को समन भी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन डीलर ने कहा कि उसे नहीं पता था कि यह जर्सी चोरी की हैं।
इस गार्ड ने उस ऑनलाइन डीलर को बताया था कि ऑफिस में रेनोवेशन का काम चल रहा है। ऐसे में यह सभी जर्सी स्टॉक क्लियरेंस के चलते बेचनी हैं।
पुलिस ने चोरी हुईं 261 में से 50 जर्सी बरामद कर ली हैं। गार्ड ने बताया कि ऑनलाइन डीलर से जो भी पैसा मिला था, वो ऑनलाइन गैम्बलिंग में हार गया है। BCCI ने 17 जुलाई को ही मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा दी थी।

