श्रेयस-यशस्वी एशिया कप से बाहर: अगरकर बोले- उनका सिलेक्शन न होना बदकिस्मती, 16 प्लेयर चुनने होते तो सुंदर भी खेलते
Published:
3 min read

एशिया कप 2025 में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव संभालेंगे। शुभमन गिल को उपकप्तानी मिली। टीम में संजू सैमसन भी शामिल। (फाइल)
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। इस बार 15 सदस्यीय स्क्वॉड में मिडिल ऑर्डर बैटर श्रेयस अय्यर, ओपनर यशस्वी जायसवाल और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी जगह नहीं मिली है। इसको लेकर चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ने कहा कि उनका सिलेक्शन न होना बदकिस्मती ही कही जाएगी। यदि 16 खिलाड़ी चुनने होते तो स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी टीम में होते।
एशिया कप इस बार टी20 फॉर्मेट में होगा। भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ही संभालेंगे। शुभमन गिल को उपकप्तान बनाया गया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन को भी टीम में जगह मिली है। केएल राहुल और साई सुदर्शन को भी स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है।
अभिषेक बॉलिंग ऑलराउंडर, इसलिए मिला फायदा
यशस्वी जायसवाल को जगह नहीं मिलने पर अगरकर ने कहा- "उनका सिलेक्शन न होना वास्तव में बदकिस्मती ही कही जाएगी। अभिषेक शर्मा ने लगातार बेहतरीन खेल दिखाया है। इसके अलावा वो बॉलिंग भी कर लेते हैं। इसलिए जायसवाल की जगह नहीं बन सकी।"
श्रेयस को न लेने पर चीफ सिलेक्टर ने कहा- "इस बार भी अगर अय्यर को टीम में जगह नहीं मिली तो उनका कसूर नहीं है। आप ही बताइए अय्यर को हम किसकी जगह खिलाएं। उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना चाहिए।"
वॉशिंगटन सुंदर की जगह रिंकू को क्यों लिया?
अगरकर ने कहा- "सुंदर हमेशा हमारी स्कीम का हिस्सा हैं। अभी की बात करें तो हमारे पास दो मिस्ट्री स्पिनर वरुण और कुलदीप हैं। अक्षर भी हैं। दुबई की पिच को देखें तो वो फ्लैट ट्रैक हैं। इसलिए हमने रिंकू सिंह के तौर पर एक एक्स्ट्रा बैटर लिया है। अगर 15 की बजाए 16 की टीम बनानी होती तो सुंदर बिल्कुल शामिल होते।"
हर्षित राणा को लेकर कप्तान सूर्यकुमार ने कहा- "हर्षित राणा ने लीग क्रिकेट में अच्छी बॉलिंग की है। T20WC भी सामने है। जितेश शर्मा भी अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने डोमेस्टिक क्रिकेट में भी परफॉर्म किया है। हमें वर्ल्ड कप को भी ध्यान में रखना है और उसी हिसाब से टीम तैयार करनी है।"

क्या गिल को 11 में जगह मिलेगी?
अगरकर ने कहा- "ये फैसला कप्तान और कोच को लेना है। दुबई पहुंचने के बाद तस्वीर ज्यादा साफ हो सकेगी। हमारे पास कई ऑप्शन हैं। गिल शानदार फॉर्म हैं, लेकिन संजू भी टीम में हैं। अभिषेक भी अच्छा कर रहे हैं। इसलिए इंतजार करना होगा। बुमराह को लेकर आप लिखित में कुछ नहीं दे सकते। हर बड़े मैच में वो टीम का हिस्सा होंगे।"
14 सितंबर को पाकिस्तान से मुकाबला
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।


