9 गेंदों में 5 विकेट का रिकॉर्ड: फिनलैंड के लिए खेलते हुए भारतीय मूल के महेश ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, जुनैद और राशिद खान को पीछे छोड़ा
Published:
3 min read

महेश तांबे ने एस्टोनिया के खिलाफ इस मैच में 2 ओवर ही गेंदबाजी की, जिसमें 19 रन देकर 5 विकेट लिए। मुकाबले में महेश को ही प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। (सोशल मीडिया)
फिनलैंड के लिए खेलते हुए भारतीय मूल के महेश तांबे ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने 9 गेंदों में 5 विकेट लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम कर दिया है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में 5 लेने के मामले में बहरीन के जुनैद अजीज (10 बॉल) और अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान (11 बॉल) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
दरअसल, फिनलैंड की टीम इस समय एस्टोनिया के दौरे पर है। यहां 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली गई, जिसे फिनलैंड ने 2-1 से जीत लिया है।
सीरीज का तीसरा मुकाबला तेलिन में खेला गया। इसे फिनलैंड ने 5 विकेट से जीत लिया। मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए एस्टोनिया ने 141 रन बनाए।
महेश ने इस तरह 9 गेंद में 5 विकेट लिए
टीम ने एक समय 16 ओवर में 4 विकेट पर 108 रन बना लिए थे। यहां से मीडियम पेसर महेश तांबे को पहला ओवर दिया गया। 39 साल के तांबे ने इस ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने एक वाइड बॉल भी की थी। इस तरह ओवर में उन्होंने कुल 7 बॉल डालीं।
तांबे 19वां ओवर लेकर आए। इसकी शुरुआती 2 गेंदों पर उन्होंने 2 विकेट लिए। इस तरह तांबे ने एक मैच में 9 गेंद डालकर 5 विकेट ले लिए। इस प्रदर्शन के बदौलत एस्टोनिया की टीम 141 रन पर ही सिमट गई।
जुनैद और राशिद का रिकॉर्ड तोड़ा
इससे पहले यह रिकॉर्ड बहरीन के जुनैद अजीज के नाम था। उन्होंने 10 गेंदों में ही 5 विकेट ले लिए थे। यदि टेस्ट का दर्जा प्राप्त टीमों की बात करें तो यह रिकॉर्ड अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान के नाम है।
राशिद ने 11 गेंदों में ही 5 विकेट ले लिए थे। उन्होंने यह उपलब्धि 2017 में आयरलैंड के खिलाफ टी20 मुकाबले में हासिल की थी। इस तरह अब एक टी20 इंटरनेशनल मैच में सबसे कम गेंदों में 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड महेश के नाम दर्ज हो गया है।
महेश ने पहली बार मैच में 5 विकेट लिए
महेश ने एस्टोनिया के खिलाफ इस मैच में 2 ओवर ही गेंदबाजी की, जिसमें 19 रन देकर 5 विकेट लिए। मुकाबले में महेश को ही प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। फिनलैंड को टेस्ट दर्जा प्राप्त नहीं है।
यह टीम सिर्फ टी20 इंटरनेशनल ही खेलती है। महेश ने अब तक 28 टी20 मैच खेले, जिसमें 28 विकेट लिए और 140 रन बनाए हैं। महेश ने टी20 में पहली बार एक मैच में 5 विकेट लिए।

