ICU से बाहर आए श्रेयस: हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने में 5 से 7 दिन लग सकते हैं; पसलियों में गंभीर चोट के बाद ब्लीडिंग हुई
Published:
2 min read

अय्यर को सिडनी में शनिवार को खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे में एलेक्स कैरी का कैच लेते वक्त रिब केज यानी पसलियों में गंभीर चोट आई थी।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के ODI वाइस कैप्टन श्रेयस अय्यर ICU से बाहर आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। अय्यर को सिडनी में शनिवार को खेले गए आखिरी वनडे में एलेक्स कैरी का कैच लेते वक्त रिब केज यानी पसलियों में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद उन्हें फौरन हॉस्पिटल भेजा गया था।
इंटरनल ब्लीडिंग से दिक्कत बढ़ी
श्रेयस ने पीछे की तरफ भागते हुए कैच पकड़ा था। इसके बाद उनकी कोहनी और घुटना पसलियों से टकराया था। इसके बाद पसलियों में गंभीर चोट आई थी। यह गंभीर मामला था। उनकी बाईं पसली में चोट है। उनकी स्कैन और मेडिकल रिपोर्ट्स से इंटरनल ब्लीडिंग का पता लग। उनकी सेहत पर पैनी नजर रखी जा रही है। अभी उन्हें पांच से सात दिन हॉस्पिटल में रहना होगा। यह देखना होगा कि कहीं ब्लीडिंग की वजह से किसी तरह का कोई इन्फेक्शन तो नहीं हुआ।
BCCI की मेडिकल टीम भी मौजूद
शनिवार को जब अय्यर को चोट लगी तो BCCI की मेडिकल टीम ने ही उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया। टीम डॉक्टर और फिजियो किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते थे। फिलहाल, श्रेयस की हालत पहले से कहीं बेहतर है।
वापसी का इंतजार लंबा होगा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले माना जा रहा था कि श्रेयस तीन हफ्ते में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, अब जो उनका हेल्थ स्टेटस आ रहा है, उससे लगता है कि यह इंतजार अब लंबा होगा। हालांकि, कितना वक्त लगेगा, यह बताना अभी मुश्किल होगा। इस बारे में बोर्ड ही अपडेट देगा।
माना जा रहा है कि कम से कम एक हफ्ते तो अभी उन्हें सिडनी के हॉस्पिटल में ही रहना होगा। इसके बाद वो भारत लौटेंगे और रिकवरी करेंगे। वैसे भी उनके पास अभी काफी वक्त है, क्योंकि वो टी-20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, जो ऑस्ट्रेलिया में पांच मैच की सीरीज खेलेगी।

