इंडिया की जीत के बाद इमोशनल हुए रोहित: शेफाली ने कहा- सचिन सर से इन्सपिरेशन मिली, इस ओपनर ने 87 रन की पारी खेली और 2 विकेट लिए
Published:
3 min read

वुमन्स वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित शर्मा अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक उठे।(फोटो क्रेडिट:सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. रविवार रात DY Patil स्टेडियम, नवी मुंबई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपना पहला ODI वर्ल्ड कप जीता। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से हरा दिया। भारतीय महिला टीम की इस ऐतिहासिक सफलता के गवाह रोहित शर्मा भी बने। हिटमैन के नाम से मशहूर यह मुंबईकर उस वक्त दर्शकों के बीच मौजूद थे। इस जीत का सबसे खास पल तब आया जब पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक उठे।रोहित ने 2023 ODI वर्ल्ड कप फाइनल हारने का दर्द सहा है। हालांकि आज हमारी महिला टीम की जीत ने उस दर्द को काफी हद तक कम कर दिया होगा। रोहित का रिएक्शन यह बताने के लिए काफी था।
पहले आसमां और फिर जमीन पर नजरें
रोहित स्टेडियम में बैठे थे। जैसे ही भारतीय महिला टीम ने जीत हासिल की। रोहित ने पहले आसमान की तरफ देखा, उस नीली छतरी वाले को धन्यवाद कहा और फिर उनकी नजरें जमीन यानी मैदान में होने वाले जश्न पर टिक गईं। इस दौरान उनकी आंखें नम नजर आईं, और यह लम्हा सैकड़ों टीवी कैमरों में कैद हो गया। इसके बाद रोहित संभले और ताली बजाने लगे।
सचिन सर को देखकर हिम्मत मिली
फाइनल की प्लेयर ऑफ द मैच शेफाली वर्मा ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा- सचिन सर को स्टेडियम में देखकर बहुत प्रेरणा मिली। मैं अकसर सर से बात करती हूं, सलाह लेती हूं। मेरे सीनियर्स ने मुझसे साफ कहा था कि सिर्फ अपने नैचुरल गेम पर फोकस करो। मैं बैटिंग के दौरान बहुत कूल और कम्फर्ट जोन में थी। 21 साल की उम्र में फाइनल या सेमी फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाली शेफाली सबसे कम उम्र की प्लेयर हैं। उन्होंने 87 रन की पारी खेली। बॉलिंग में उन्होंने 2 विकेट भी लिए।

ब्रीफ समरी ऑफ द मैच
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट पर 298 रन बनाए। शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने फिफ्टी लगाई। शेफाली ने 78 बॉल पर 87 रन की पारी खेली। दीप्ति ने 58 बॉल पर 58 रन बनाए। उनके अलावा स्मृति मंधाना ने 45, ऋचा घोष ने नाबाद 34 और सेमीफाइनल की हीरो जेमिमा रोड्रिग्स ने 24 रन बनाए।

साउथ अफ्रीका टारगेट से बहुत दूर रही
299 रन के टारगेट के जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रन ही बना सकी। इस तरह 52 रनों से फाइनल मैच और ट्रॉफी गंवा दी। कप्तान वोलवार्ड ने 101 रन बनाए। एनेरी डर्कसेन ने 35 और सुने लूस ने 25 रन बनाए।

