सिडनी वनडे में भारत की जीत: कोहली ने कहा - तालाब से बाहर आकर अच्छा लग रहा है, RO-KO ने ऑस्ट्रेलियाई फैन्स को शुक्रिया कहा
Published:
3 min read

रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 168 रन की पार्टनरशिप की (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए सिडनी वनडे में जीत के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने फैंस को शुक्रिया कहा। मैच के बाद रवि शास्त्री ने हंसते हुए कोहली से कहा, "दो बतख तालाब से बाहर आ गईं।" कोहली ने भी मजाक में जवाब दिया, "सच कहूं तो तालाब से बाहर आकर अच्छा लग रहा है।" वही रोहित ने कहा ऑस्ट्रेलिया आना और यहां खेलना बहुत पसंद है। इस वनडे सीरीज के बाद अगले दो साल तक भारत की ऑस्ट्रेलिया में कोई भी सीरीज नहीं है।
भारत ने 39 ओवर में जीता
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत के सामने 236 रन का टारगेट दिया। जवाब में भारत 1 विकेट के नुकसान पर 39 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। रोहित शर्मा ने अपना 33वां इंटरनेशनल शतक लगाया है। विराट कोहली ने भी 74 रन की मैच-विनिंग पारी खेली। रोहित और विराट के बीच 168 रन की पार्टनरशिप हुई।
इस जीत के बाद रोहित-कोहली ने दर्शकों की ओर हाथ हिलाकर धन्यवाद दिया। मैच के बाद एडम गिलक्रिस्ट और रवि शास्त्री ने दोनों खिलाड़ियों से बातचीत की।
2008 की खास यादें अभी भी ताजा
रोहित ने कहा- मुझे हमेशा ऑस्ट्रेलिया आना और यहां खेलना बहुत अच्छा लगता है। इस जगह 2008 की कुछ बेहद खास यादें अभी भी ताजा हैं। पता नहीं कि हमें यहां फिर कभी खेलने का मौका मिलेगा या नहीं, लेकिन इस दौरे ने हर पल को पूरी तरह सजाया है।
दर्शकों के प्यार का शुक्रिया
रवि शास्त्री ने विराट से मजाकिया अंदाज में कहा- "दो बत्तख तालाब से बाहर आ गई।"
कोहली ने मुस्कुराते हुए कहा- "सच कहूं तो तालाब से बाहर आकर अच्छा लग रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, आप कितने भी रन बना लो, यह खेल हर चीज सिखा देता है। मैं अभी लगभग 37 साल का हूं, फिर भी कभी-कभी लगता है कि पता नहीं रन कैसे बनाऊं। यही इस खेल की खूबसूरती है। शुरुआत से ही हमने हालात को बखूबी समझा, यही हमारी खासियत रही है। अब हम अनुभवी जोड़ी हैं, लेकिन जब युवा थे, तब भी जानते थे कि लंबी साझेदारी से किसी भी टीम से मैच छीना जा सकता है।
यह सब 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हुआ था। अगर हम 20 ओवर तक टिक जाएं, तो नतीजा हमारे हक में होता है और दूसरी टीम भी यह जानती है। इस देश में खेलना हमेशा खास रहा है। यहां हमने शानदार क्रिकेट खेला और दर्शकों से मिला प्यार हमेशा याद रहेगा—आप सभी का दिल से शुक्रिया।
RO-KO की 5483 रन पार्टनरशिप पूरी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित और कोहली ने 19वीं 100 रन से ज्यादा की पार्टनरशिप पूरी की। इसी के साथ वे वनडे में सबसे ज्यादा 100 रन की पार्टनरशिप में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे ऊपर केवल सचिन तेंदुलकर–सौरव गांगुली और श्रीलंकाई जोड़ी तिलकरत्ने दिलशान–कुमार संगकारा हैं। RO-KO ने पार्टनरशिप में 5483 रन बनाए हैं।
अफ्रीका के खिलाफ खेलते दिखेंगे रोहित-कोहली
ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत की अगली वनडे सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगी। जहां वह तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इस सीरीज का पहला मुकाबला रांची में 30 नवंबर को खेला जाएगा। इसके बाद 3 दिसंबर को दूसरा वनडे रायपुर में खेला जाएगा। इस सीरीज का आखिरी मैच 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा।

