जीत दिलाने के लिए रऊफ का शुक्रिया: अश्विन का पाकिस्तानी पेसर पर तंज, कहा- तुम्हारी वजह से हमें आसान जीत मिल सकी
Published: Updated:
2 min read

हारिस रऊफ ने एशिया कप के फाइनल में 3.4 ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें 50 रन दिए।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस मैच में एक समय टीम इंडिया मुश्किल में थी। हालांकि, यहां से तिलक वर्मा ने शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिला दी। टीम इंडिया की जीत के बाद पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा की तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में पाकिस्तान के पेसर हारिस रऊफ को भी शुक्रिया कहा।
थैंक यू रऊफ
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- थैंक यू हारिस रऊफ, तुम्हारी वजह से हम आसानी से मैच जीत पाए। बता दें कि फाइनल में रऊफ ने उन्होंने 3.4 ओवर में 50 रन दिए। वो पाकिस्तान की तरफ से सबसे महंगे बॉलर साबित हुए।

वरुण और कुलदीप बेहतरीन
अश्विन ने आगे कहा- वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने मिलकर 6 विकेट लिए और पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर तक जाने से रोक दिया। श्रीलंका जैसी टीमें दबाव में भी सही शॉट खेलती हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाड़ी बड़े मैच के दबाव को झेल नहीं पाए।अश्विन ने इसके बाद कुलदीप की बॉलिंग पर एक खास बात कही। उन्होंने कहा- जिस बॉल पर IPL में विकेट मिल जाता है। उसी गेंद पर दुबई की पिच पर भी विकेट मिल रहा था।

तिलक 69 रन की पारी खेली
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 147 का टारगेट रखा। चेज करते हुए टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में पहली बार दबाव में दिखी। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले दोनों मैच एकतरफा कर देने वाले अभिषेक शर्मा सस्ते में आउट हो गए। एक वक्त पर टीम इंडिया 20 रन पर 3 विकेट गंवाकर स्ट्रगल कर रही थी। हालांकि तिलक वर्मा ने 53 बॉल पर 69 रन की पारी खेलकर भारत को 9वीं बार एशिया का चैंपियन बना दिया।

संजू-दुबे के साथ तिलक की अहम पार्टनरशिप
तिलक ने चौथे विकेट के लिए संजू सैमसन के साथ 57 रनों की पार्टनरशिप की। संजू ने 24 रन की छोटी लेकिन अहम पारी खेली। इसके बाद तिलक ने पांचवें विकेट के लिए शिवम दुबे के साथ 60 रन की साझेदारी की। आखिर में रिंकू सिंह ने चौका लगाकर टीम इंडिया को जीत दिला दी।

