गिल को फुल सपोर्ट देंगे कोच गंभीर: शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर कहा- उसे गहरे समुद्र में फेंक दिया, अब वो डुबेगा या बेस्ट स्वीमर बनेगा
Published: Updated:
4 min read

पूर्व ओपनर गौतम गंभीर ने टीम इंडिया के लिए 58 टेस्ट, 147 वनडे और 37 टी20 मुकाबले खेले।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने शुभमन गिल की तारीफ की है। साथ ही कहा है कि वे गिल को पूरी तरह सपोर्ट करना चाहते हैं। इसके लिए चाहे उन्हें लोगों की आलोचनाएं क्यों ना झेलनी पड़ें। गिल को वनडे और टेस्ट की कप्तानी देने को लेकर गंभीर ने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने गिल को कप्तानी के गहरे समुद्र में फेंक दिया, अब वो डुबेगा या बेस्ट स्वीमर बनेगा।
दरअसल, भारतीय टीम इस समय वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की घरेलू सीरीज खेल रही है। इसका दूसरा मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन लंच के दौरान गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के एक शो में आकाश चोपड़ा से यह सारी बातें कहीं।
गिल को कप्तानी मिली तब गंभीर ने क्या कहा था?
इंग्लैंड दौरे से पहले जब गिल को टेस्ट टीम की कप्तानी दी गई थी, तब पहली बार बतौर कोच गिल से क्या कहा था? वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के नए सीजन की शुरुआत हो रही थी, ऐसे में गिल के सामने क्या चैलेंज हैं? इसको लेकर क्या बात हुई थी।
इस पर गंभीर ने कहा- मुझे वो बातचीत याद है। 25 साल के यंग लड़के को टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था। तब मैंने उसे एक बात क्लियर बोल दी थी कि हमने तुम्हें गहरे समुद्र में फेंक दिया है। यहां सिर्फ दो ही रास्ते हैं। अब तुम डुबोगे या वर्ल्ड क्लास स्वीमर बनकर निकलोगे।
इंग्लैंड दौरे पर गिल ने गजब का जज्बा दिखाया
गंभीर ने कहा- मेरे लिए वो 750 रन (गिल ने इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में बनाए थे) मैटर नहीं करते। ये रन वो इंग्लैंड दौरे पर नहीं बनाता तो दूसरे किसी दौरे पर या सीरीज में बना लेता। मेरे लिए यह था कि 25 साल के लड़के ने जिस तरह से इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उसी के घर में जाकर दबाव झेला। मुश्किल स्थिति में टीम को संभाला और जज्बा दिखाया।
यह उसके लिए बेहद मुश्किल दौरा था। आगे वो कितने भी साल कप्तानी करे, मुझे नहीं लगता कि इससे मुश्किल कोई सीरीज या दौरा रहेगा। मुझे नहीं लगता कि किसी भारतीय कप्तान के लिए शुरुआत के साल में ही इतना मुश्किल दौरा आया होगा।
गंभीर ने गिल की कप्तानी को लेकर कहा- मैं देखना चाहता हूं कि जब चीजें उनके हिसाब से नहीं होतीं तो शुभमन कैसा रिएक्शन देते हैं। मैं हमेशा उनका साथ देने और सपोर्ट करने के लिए तैयार हूं। जब तक सब कुछ ठीक नहीं हो जाता, मैं शुभमन गिल के लिए सारी आलोचनाएं और दबाव भी झेलने के लिए तैयार हूं।
न्यूजीलैंड हार को भूलना नहीं चाहता - गौतम
गंभीर ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ 2024 की घरेलू टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप से मिली हार आज भी उन्हें दर्द देती है। उन्होंने कहा- मुझे नहीं लगता कि मैं कभी उस न्यूजीलैंड सीरीज को भूल पाऊंगा। मुझे इसे भूलना भी नहीं चाहिए। मैंने यह बात सभी को कही है कि उस हार को नहीं भूलना है।
उन्होंने कहा- मैं जानता हूं कि भविष्य के बारे में सोचना ही महत्वपूर्ण होता है, लेकिन कई बार पिछली घटनाओं को याद रखना भी जरूरी है। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर आप इन्हें भूल गए तो आप चीजों में लापरवाही बरतना शुरू कर देते हो। हमें किसी भी चीज को हल्के में नहीं लेना चाहिए।
न्यूजीलैंड से क्लीन स्वीप
गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद भारतीय टीम को घरेलू टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड से 0-3 से क्लीन स्वीप झेलना पड़ा। साल 2000 के बाद, न्यूजीलैंड पहली टीम थी जिसने भारत को घरेलू टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया हो। इस हार के कारण, भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के फाइनल में जगह नहीं बना पाई थी।
दूसरे दिन का मैच ब्रीफ
दूसरे दिन, भारतीय टीम ने 5 विकेट गंवाकर 518 रन बनाकर पहली पारी घोषित कर दी। शुभमन गिल ने अपने कॅरियर का 10वां टेस्ट शतक लगाया। इस साल, बतौर कप्तान, उनकी यह 5वीं सेंचुरी है। गिल ने नाबाद 129 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल डबल सेंचुरी से चूक गए। उन्होंने 175 रनों की पारी खेली। इनके अलावा, साई सुदर्शन ने 87, ध्रुव जुरेल ने 44, नीतीश रेड्डी ने 43 और केएल राहुल ने 38 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए, स्पिनर जॉमेल वेरिकन ने 3 विकेट लिए। एक सफलता रोस्टन चेज को मिली।

