गौतम गंभीर ने प्लेयर्स के लिए डिनर होस्ट किया: दिल्ली टेस्ट से पहले हेड कोच के घर पहुंची टीम; सपोर्ट स्टाफ भी मौजूद रहा
Published:
2 min read

हैड कोच गौतम गंभीर के घर डिनर करने पहुंची टीम इंडिया। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. बुधवार शाम टीम इंडिया के प्लेयर्स हेड कोच गौतम गंभीर के घर डिनर पर पहुंचे। उनके साथ सपोर्ट स्टाफ भी था। दरअसल, 10 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। गंभीर का घर भी दिल्ली में ही है। उन्होंने मैच से पहले सभी प्लेयर्स को अपने घर खाने पर बुलाया था। शुभमन गिल, केएल राहुल और सिराज समेत सभी प्लेयर्स टीम बस से गंभीर के घर पहुंचे।
पिच सूखने पर स्पिनर्स को मदद मिलती है
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली टेस्ट मैच काली मिट्टी की पिच पर खेला जाएगा। यदि ऐसा होता है तो यह बैटर्स और स्पिनर्स दोनों के लिए फायदेमंद होगा। काली मिट्टी की पिच थोड़ी सपाट सी होती है, जहां जमकर रन बनते हैं।
काली मिट्टी की पिच धीरे-धीरे जब सूखने लगती है, तो फिर यहां स्पिनर्स को मदद मिलने लगती है। ऐसे में मैच के तीसरे दिन से ही स्पिनर्स हावी होते दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बैटिंग करना चाहेगी, ताकी चौथी पारी में उसे गेंदबाजी मिल सके।

इस मैदान पर अब तक 37 टेस्ट हुए
अरुण जेटली स्टेडियम में अब तक कुल 37 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इस दौरान यहां 6 बार पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 14 मुकाबले जीते हैं।
इस मैदान पर पहली पारी में एवरेज स्कोर 340, दूसरी पारी में 315, तीसरी पारी में 233 और चौथी पारी में 163 रन है। इस मैदान पर हाइएस्ट स्कोर 8 विकेट पर 644 रन है। यह वेस्टइंडीज टीम ने ही इंडिया के खिलाफ बनाया था। यहां लोएस्ट स्कोर 75 रन है, जो कैरेबियन टीम के खिलाफ इंडिया ने बनाया था।
WTC की रैंक में भारत तीसरे नंबर पर
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का सफर शुरू हो गया है। दो बार की फाइनलिस्ट रही भारतीय टीम तीन जीत, एक ड्रॉ और दो हार के साथ पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर है।

