इंडिया ने वेस्टइंडीज को 2-0 से क्लीन स्वीप किया: दिल्ली टेस्ट जीतकर गंभीर को दिया बर्थडे गिफ्ट, लगातार 10वीं टेस्ट सीरीज में कैरेबियन टीम को हराया
Published: Updated:
5 min read

भारतीय टीम ने सीरीज के दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराया। पहला मैच पारी और 140 रन से जीता था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने अपने घर में खेली गई 2 टेस्ट की सीरीज में वेस्टइंडीज को 2-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। सीरीज का दूसरा मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। पांचवें दिन यह मुकाबला टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीतकर कोच गौतम गंभीर को बर्थडे गिफ्ट दिया। गंभीर आज (14 अक्टूबर) 44 साल के हो गए हैं।
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को टेस्ट सीरीज में चौथी बार क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले 2013, 2018 और 2019 में क्लीन स्वीप किया था। यह तीनों सीरीज 2 टेस्ट की ही रही थी। इसके अलावा कैरेबियन टीम 23 साल से इंडिया के खिलाफ कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। कैरेबियन टीम को आखिरी बार अप्रैल 2002 में जीत मिली थी।
जडेजा को मिला प्लेयर ऑफ द सीरीज
स्पिनर कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने दिल्ली टेस्ट में कुल 8 (5+3) विकेट लिए। सीरीज में कुलदीप ने कुल 12 विकेट अपने नाम किए। स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। जडेजा ने पहले टेस्ट में नाबाद 104 रन की पारी खेली थी। जबकि सीरीज में कुल 8 विकेट लिए हैं।
केएल राहुल की दूसरी पारी में फिफ्टी
मैच में फॉलोऑन खेलकर कैरेबियन टीम ने 121 रन का टारगेट दिया था। जवाब में भारतीय टीम ने 5वें दिन 3 विकेट पर 124 रन बनाते हुए मैच जीत लिया।
केएल राहुल ने फिफ्टी लगाई। वे 58 रन बनाकर नाबाद रहे। राहुल ने 2 छक्के लगाए। उनके अलावा साई सुदर्शन ने 39, कप्तान शुभमन गिल ने 13 और यशस्वी जायसवाल ने 8 रन बनाए। ध्रुव जुरेल 6 रन बनाकर नाबाद रहे। सीरीज का पहला टेस्ट भारत ने पारी और 140 रन से जीता था।
किसी एक टीम के खिलाफ लगातार सबसे ज़्यादा टेस्ट सीरीज जीत
10 - इंडिया ने वेस्टइंडीज़ को हराया (2002-25) *
10 - साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज़ को हराया (1998-24)
9 - ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को हराया (2000-22)
8 - ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराया (1989-2003)
8 - श्रीलंका ने जिम्बाब्वे को हराया (1996-20)
वेस्टइंडीज का दोनों पारियों में स्कोर 248 और 390
मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 518 रन बनाकर पहली पारी डिक्लेयर की थी। इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 248 रन पर ऑलआउट होकर फॉलोऑन खेलने को मजबूर हुई। इस तरह पहली पारी में भारतीय टीम ने 270 रनों की लीड बनाई थी।
इसके बाद दूसरी पारी में कैरेबियन टीम ने शानदार अंदाज में वापसी की और पारी से हार को टाल दिया। जॉन कैम्पबेल ने 115 और शाई होप ने 103 रन की शतकीय पारी खेलकर लीड उतारने में मदद की। हालांकि वेस्टइंडीज की टीम भारत को बड़ा टारगेट नहीं दे सकी।
फॉलोऑन खेलते समय वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में 390 रन बनाए। इस तरह पहली पारी की लीड उतारने के बाद टीम इंडिया को 121 रन का टारगेट मिला था।
वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया के पिछले 6 टेस्ट (भारत में)
कोलकाता टेस्ट, 2013: पारी और 51 रनों से जीते
मुंबई टेस्ट, 2013: पारी और 126 रनों से जीते
राजकोट टेस्ट, 2018: पारी और 272 रनों से हराया
हैदराबाद टेस्ट, 2018: 10 विकेट से जीते
अहमदाबाद टेस्ट, 2025: पारी और 140 रनों से हराया
दिल्ली टेस्ट, 2025: 7 विकेट से हराया
23 साल बाद भारत में शतक का रिकॉर्ड
कैम्पबेल 2002 के बाद भारत में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले कैरेबियन प्लेयर हैं। इससे पहले 2002 के कोलकाता टेस्ट में वावेल हिंड्स ने शतक लगाया था। ओवरऑल 2006 के बाद वेस्टइंडीज के किसी प्लेयर ने इंडिया के खिलाफ टेस्ट शतक लगाया है। 2006 के बासेटेयर टेस्ट में डेरेन गंगा ने शतक लगाया था।
कुलदीप-बुमराह ने 3-3 विकेट लिए
वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में कैम्पबेल और होप के अलावा जस्टिन ग्रीव्स ने 50 रन की नाबाद पारी खेली। कप्तान रोस्टन चेज ने 40 रन बनाए। आखिर में जायडेन सील्स ने 32 रन बनाए।
भारतीय टीम के लिए कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट लिए। जबकि मोहम्मद सिराज को 2 सफलताएं मिलीं। रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट लिया।
वेस्टइंडीज के लिए 3 बड़ी पार्टनरशिप
फॉलोऑन मिलने के बाद दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के लिए 3 बड़ी पार्टनरशिप हुईं, जिसने टीम को मजबूती दी। सबसे पहले कैम्पबेल और होप के बीच तीसरे विकेट के लिए 177 रन की पार्टनरशिप हुई। फिर होप ने कप्तान रोस्टन चेज के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 59 रन जोड़े।
इसके बाद वेस्टइंडीज ने 311 रन पर 9 विकेट गंवा दिए थे। तब टीम को सिर्फ 41 रन की लीड थी। यहां से ग्रीव्स और सील्स के बीच 10वें विकेट के लिए 79 रन की पार्टनरशिप हुई। इस तरह वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 390 रन बनाए और 121 रन का टारगेट सेट किया।
दोनों टीम के बीच 26वीं सीरीज खेली गई
यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 102वां टेस्ट मैच था। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 26 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 12 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज : टेस्ट मैचों में हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 102
भारत जीता: 25
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
टीम इंडिया : प्लेइंग XI
यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, नितिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज : प्लेइंग XI
तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्पबेल, एलिक अथांजे, साई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), तेविन एमलेक, जस्टिन ग्रीव्स, कैरी पियरे, जॉमेल वेरिकन, एंडरसन फिलिप और जायडेन सील्स।

