IND Vs WI 2nd टेस्ट-4566: तीसरे दिन वेस्टइंडीज ने फॉलोऑन खेला, स्कोर 173/2; कैम्पबेल-होप की नाबाद फिफ्टी, भारत को 97 की लीड
Published: Updated:
3 min read

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला टेस्ट जीतकर टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। तीसरे दिन (12 अक्टूबर) वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 248 रन पर ऑलआउट होकर फॉलोऑन खेलने को मजबूर हुई। फिर खेल खत्म होने तक 2 विकेट गंवाकर 173 रन बनाए। टीम इंडिया ने पहली पारी में 518 रन बनाए थे। ऐसे में भारत के पास अब भी 97 रन की लीड है।
फॉलोऑन खेलने उतरी वेस्टइंडीज ने 35 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। फिर जॉन कैम्पबेल और शाई होप ने टीम को संभाला। दोनोंं के बीच के बीच 138 रन की नाबाद साझेदारी हुई। कैम्पबेल 87 और शाई होप 66 रन बनाकर नाबाद लौटे।
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को फॉलोऑन खिलाया
तीसरे दिन वेस्टइंडीज की टीम 140/4 से आगे खेलने उतरी थी। इसके बाद 108 रन बनाने में बाकी 6 विकेट गंवा दिए। इस तरह टीम 248 रन ही बना सकी और फॉलोऑन खेलने उतरी। पहली पारी में एलिक अथांजे ने 41, शाई होप ने 36 और तेगनारायण चंद्रपॉल ने 34 रन बनाए। कुलदीप यादव ने 5 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए। एक-एक सफलता मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह को मिली।
इससे पहले टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 518 रन बनाकर पहली पारी डिक्लेयर की थी। अब भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को फॉलोऑन खिलाया है। ऐसे में इंडिया के पास यह सीरीज 2-0 से जीतने का शानदार मौका है। फिलहाल, पहला टेस्ट जीतकर टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है।
गिल का 10वां शतक, यशस्वी डबल सेंचुरी से चूके
इससे पहले दूसरे दिन ही शुभमन गिल ने अपने कॅरियर का 10वां टेस्ट शतक लगाया। इस साल बतौर कप्तान उनकी यह 5वीं सेंचुरी है। गिल ने नाबाद 129 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल डबल सेंचुरी से चूक गए। उन्होंने 175 रनों की पारी खेली।
इनके अलावा साई सुदर्शन ने 87, ध्रुव जुरेल ने 44, नीतीश रेड्डी ने 43 और केएल राहुल ने 38 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए स्पिनर जॉमेल वेरिकन ने 3 विकेट लिए। एक सफलता रोस्टन चेज को मिली।
दोनों टीम के बीच 26वीं सीरीज खेली जा रही
यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 102वां टेस्ट मैच होगा। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 25 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 11 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं। यह 26वीं सीरीज खेली जा रही है।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज : टेस्ट मैचों में हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 101
भारत जीता: 24
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
टीम इंडिया : प्लेइंग XI
यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, नितिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज : प्लेइंग XI
तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्पबेल, एलिक अथांजे, साई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), तेविन एमलेक, जस्टिन ग्रीव्स, कैरी पियरे, जॉमेल वेरिकन, एंडरसन फिलिप और जायडेन सील्स।

