IND Vs WI 2nd टेस्ट: दूसरे दिन वेस्टइंडीज 140/4, जडेजा के 3 विकेट; भारत को 378 की लीड, गिल-यशस्वी के शतक
Published: Updated:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और वेस्टइंडीज के बीच 2 मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बैटिंग करते हुए दूसरे दिन 5 विकेट पर 518 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इसके बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज टीम ने 4 विकेट पर 140 रन बना लिए हैं।
इस तरह भारतीय टीम के पास अब भी 378 रन की लीड है। गेंदबाजी में दूसरे दिन रवींद्र जडेजा ने 3 और कुलदीप यादव ने 1 विकेट लिया। पहला विकेट जडेजा ने लिया। उनकी बॉल पर जॉन कैम्पबेल 10 रन बनाकर आउट हुए। स्क्वायर लेग पर बल्लेबाज के एकदम करीब खड़े साई सुदर्शन ने शानदार कैच लिया। दूसरी सफलता भी जडेजा ने ही दिलाई।
इस बार तेगनारायण चंद्रपॉल (34) को केएल राहुल के हाथों कैच आउट कराया। तीसरी सफलता 106 के स्कोर पर मिली। कुलदीप यादव ने एलिक अथांजे (41) को जडेजा के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद जडेजा ने रोस्टन चेज को अपनी ही बॉल पर कैच लेकर पवेलियन भेजा। चेज खाता नहीं खोल सके।
गिल का 10वां शतक, यशस्वी डबल सेंचुरी से चूक
इससे पहले दूसरे दिन ही शुभमन गिल ने अपने कॅरियर का 10वां टेस्ट शतक लगाया। इस साल बतौर कप्तान उनकी यह 5वीं सेंचुरी है। गिल ने नाबाद 129 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल डबल सेंचुरी से चूक गए। उन्होंने 175 रनों की पारी खेली।
इनके अलावा साई सुदर्शन ने 87, ध्रुव जुरेल ने 44, नीतीश रेड्डी ने 43 और केएल राहुल ने 38 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए स्पिनर जॉमेल वेरिकन ने 3 विकेट लिए। एक सफलता रोस्टन चेज को मिली।
गिल ने शतक के साथ बनाए ये रिकॉर्ड
बतौर कप्तान एक कैलेंडर ईयर में 5 शतक लगाने वाले शुभमन गिल दूसरे भारतीय बन गए हैं। इससे पहले सिर्फ विराट कोहली ने यह किया है। कोहली ने 2017 और 2018 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
इसके अलावा गिल बतौर कप्तान सबसे कम 12 पारियों में 5 शतक लगाने वाले वर्ल्ड के तीसरे प्लेयर बन गए हैं। इससे पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलेस्टर कुक ने 9 और पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने 10 पारियों में 5 टेस्ट शतक लगाए थे।
WTC में भारतीय टॉप स्कोरर
शुभमन गिल - 2756*
ऋषभ पंत - 2731
रोहित शर्मा - 2716
इंटरनेशनल क्रिकेट में फास्टेस्ट 1000 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान
15 पारी - सुनील गावस्कर/विराट कोहली
16 पारी - मोहम्मद अजहरुद्दीन
17 पारी - शुभमन गिल
20 पारी - रोहित शर्मा
22 पारी - सौरव गांगुली
रवि शास्त्री के आगे निकले जायसवाल
23 साल की उम्र में यशस्वी जायसवाल दूसरे सबसे ज्यादा (7) टेस्ट सेंचुरी लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। पहले नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 11 शतक लगाए हैं। तीसरे नंबर पर संयुक्त रूप से 5-5 सेंचुरी के साथ रवि शास्त्री और दिलीप वेंगसरकर हैं।
पहले दिन क्या हुआ?
पहले दिन यशस्वी जायसवाल ने 253 बॉल पर 173 रन की नाबाद पारी खेली। उनके साथ कप्तान शुभमन गिल 20 रन बनाकर नाबाद लौटे।
यशस्वी-सुदर्शन के बीच 193 रन की पार्टनरशिप
मैच के पहले दिन टीम इंडिया का पहला विकेट 58 रन पर ही गिर गया था। केएल राहुल 38 रन बनाकर स्पिनर जॉमेल वेरिकन की बॉल पर स्टम्प आउट हुए। इसके बाद यशस्वी ने साई सुदर्शन के साथ मिलकर टीम को संभाला। दोनों के बीच 193 रन की पार्टनरशिप हुई।
यशस्वी ने कॅरियर का 7वां शतक जड़ा, जबकि साई सुदर्शन 87 रन बनाकर LBW आउट हुए। यह दूसरा विकेट 251 रन पर गिरा था। यह विकेट भी स्पिनर जॉमेल वेरिकन ने लिया।
दोनों टीम के बीच 26वीं सीरीज खेली जा रही
यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 102वां टेस्ट मैच होगा। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 25 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 11 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं। यह 26वीं सीरीज खेली जा रही है।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज : टेस्ट मैचों में हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 101
भारत जीता: 24
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
टीम इंडिया : प्लेइंग XI
यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, नितिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
वेस्टइंडीज : प्लेइंग XI
तेगनारायण चंद्रपॉल, जॉन कैम्पबेल, एलिक अथांजे, साई होप (विकेटकीपर), रोस्टन चेज (कप्तान), तेविन एमलेक, जस्टिन ग्रीव्स, कैरी पियरे, जॉमेल वेरिकन, एंडरसन फिलिप और जायडेन सील्स।

