इंडिया Vs वेस्टइंडीज दूसरा टेस्ट कल से: टीम इंडिया के पास चौथी बार क्लीन स्वीप का मौका, बुमराह को मिल सकता है आराम
Published:
3 min read

भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट दूसरे टेस्ट जसप्रीत बुमराह को आराम दे सकते हैं। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अपने घर में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला 10 अक्टूबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच जीतकर टीम इंडिया के पास सीरीज में क्लीन स्वीप का मौका है। उसने पहले मैच में वेस्टइंडीज को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है।
यदि टीम इंडिया दूसरा टेस्ट भी जीतती है तो वेस्टइंडीज के खिलाफ यह उसका चौथा क्लीन स्वीप होगा। इससे पहले 2013, 2018 और 2019 में क्लीन स्वीप किया था। यह तीनों सीरीज 2 टेस्ट की ही रही थी। दो मैच से ज्यादा की टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज को कभी क्लीन स्वीप नहीं किया है।
बुमराह को आराम दिया जा सकता है
दूसरे मैच के लिए भारतीय प्लेइंग-11 में एक बदलाव हो सकता है। कमजोर दिख रही वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है। पहले टेस्ट में बुमराह ने 3 विकेट लिए थे। यह मैच इंडिया ने पारी और 140 रन से जीता था।
दूसरे टेस्ट में बुमराह की जगह पेसर प्रसिद्ध कृष्णा या फिर बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को मौका दिया जा सकता है। पडिक्कल आते हैं तो प्लेइंग-11 में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ही बचेंगे। एक मीडियम पेस बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी भी रहेंगे। दिल्ली की पिच स्पिनर्स की मददगार होगी। ऐसे में यह 2 पेसर और 3 स्पिनर काफी होंगे।
दोनों टीम के बीच 26वीं सीरीज खेली जा रही
यह इंडिया-वेस्टइंडीज के बीच 102वां टेस्ट मैच होगा। दोनों टीमों के बीच पहली टेस्ट सीरीज 1948 के आखिर में खेली गई थी, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद से वेस्टइंडीज और टीम इंडिया के बीच 25 बाइलेटरल सीरीज हो चुकी हैं। इसमें भारतीय टीम ने 11 टेस्ट रबर (सीरीज) में जीत दर्ज की है, जबकि 12 में उसे हार मिली है। 2 सीरीज ड्रॉ हुईं। यह 26वीं सीरीज खेली जा रही है।
इंडिया Vs वेस्टइंडीज : टेस्ट मैचों में हेड-टू-हेड
कुल टेस्ट: 101
भारत जीता: 24
वेस्टइंडीज जीता: 30
ड्रॉ: 47
वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया के पिछले 5 टेस्ट (भारत में)
कोलकाता टेस्ट, 2013: पारी और 51 रनों से जीते
मुंबई टेस्ट, 2013: पारी और 126 रनों से जीते
राजकोट टेस्ट, 2018: पारी और 272 रनों से हराया
हैदराबाद टेस्ट, 2018: 10 विकेट से जीते
अहमदाबाद टेस्ट, 2025: पारी और 140 रनों से हराया
- यह पांचों टेस्ट मैच तीन दिन में खत्म हुए।
इस मैदान पर अब तक 37 टेस्ट हुए
अरुण जेटली स्टेडियम में अब तक कुल 37 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इस दौरान यहां 6 बार पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 14 मुकाबले जीते हैं।
इस मैदान पर पहली पारी में एवरेज स्कोर 340, दूसरी पारी में 315, तीसरी पारी में 233 और चौथी पारी में 163 रन है। इस मैदान पर हाइएस्ट स्कोर 8 विकेट पर 644 रन है। यह वेस्टइंडीज टीम ने ही इंडिया के खिलाफ बनाया था। यहां लोएस्ट स्कोर 75 रन है, जो कैरेबियन टीम के खिलाफ इंडिया ने बनाया था।
इस टेस्ट सीरीज में दोनों देश के स्क्वॉड
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, एन. जगदीशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव।
वेस्टइंडीज की टीम: रोस्टन चेज (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल , ब्रैंडन किंग, केवलोन एंडरसन, शाई होप, जॉन कैम्पबेल, एलिक एथेनेज, टेविन इमलाक, जस्टिन ग्रीव्स, एंडरसन फिलिप, जेडियाह ब्लेड्स, योहान लेन, जेडन सील्स, खैरी पीयरी और जोमेल वारिकन।

