IND vs WI 1st T20I: वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग-XI से बाहर हो सकते हैं; ओपनर संजू-अभिषेक का खेलना तय, ईशान नंबर-3 पर संभव
Published: Updated:
4 min read

वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 12 साल की उम्र में 2024 में रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था। इसके बाद 2025 IPL ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने उन्हें 1 करोड़ रुपए में खरीदा। (फोटो सोर्स -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड जीतने के 3 दिन बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैच की T20I सीरीज खेलेगी। पहला मुकाबला आज (6 अक्टूबर) को लखनऊ में होगा। एशियन गेम्स की टीम के 12 खिलाड़ी इस सीरीज के लिए भी टीम में हैं। ऐसे में प्लेइंग XI पाकिस्तान के खिलाफ गोल्ड मेडल मैच जैसी हो सकती है।
वैभव या संजू?
एशियन गेम्स में अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) और वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi ) ने ओपनिंग की थी। संजू सैमसन नंबर-3 पर खेले थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों में से 2 खिलाड़ियों को ही प्लेइंग XI में जगह मिल सकती है। ईशान किशन के नंबर-3 पर खेलने की संभावना है।
अभिषेक शर्मा का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। संजू ने अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली 2 T20I पारियों में फिफ्टी लगाई थी। ऐसे में वैभव को बाहर बैठना पड़ सकता है। मिडिल ऑर्डर में श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे और नितीश कुमार रेड्डी खेल सकते हैं।
ये भी पढ़े : भारत-उरुग्वे मैच के टिकट 90% सस्ते: 1,999 से घटाकर 199 किए, India vs Brazil मैच में सीटें खाली रह गई थीं

ईशान का रिकॉर्ड
ईशान किशन ने इस साल 29 T20I में 1005 रन बनाए हैं। उनका एवरेज 37.22 है। स्ट्राइक रेट 169.47 है। इकाना स्टेडियम में ईशान ने 9 T20I पारियों में 1 सेंचुरी और 3 फिफ्टी लगाई हैं। उनका एवरेज 66.57 है।
अर्शदीप पेस अटैक संभालेंगे
जसप्रीत बुमराह T20I सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में अर्शदीप सिंह पेस अटैक की कमान संभाल सकते हैं। रवि बिश्नोई के एशियन गेम्स में प्रदर्शन के बाद कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। कुलदीप ने आखिरी T20I फरवरी में खेला था। मयंक यादव और प्रिंस यादव में से किसी एक को भी प्लेइंग XI में जगह मिल सकती है। दोनों का IPL होम ग्राउंड लखनऊ है।

शाई होप पर नजर
ज्वेल एंड्रयू उंगली की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो सकते हैं। उनकी जगह आमिर जांगू को कवर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। शाई होप तीसरे ODI में क्रैम्प्स से परेशान थे। उन्होंने मैच से पहले ट्रेनिंग भी नहीं की थी।
हालांकि, उनके खेलने की संभावना है। ज्वेल फिट नहीं होते हैं तो कामिल पूरन को डेब्यू का मौका मिल सकता है। शिमरोन हेटमायर CPL 2026 में शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने 12 पारियों में 367 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 197.31 रहा। वह टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
लखनऊ की पिच
मैच के लिए सेंटर पिच का इस्तेमाल होगा। यह रेड और ब्लैक सॉयल की मिक्स्ड पिच है। IPL 2026 में इस मैदान पर खूब रन बने थे। सोमवार( 5 अक्टूबर) को बारिश के कारण दोनों टीमों की प्रैक्टिस प्रभावित हुई।

टीम इंडिया का WI के खिलाफ रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 T20I में 20 मैच जीते हैं। भारत ने इकाना स्टेडियम में अब तक कोई T20I नहीं गंवाया है। अकील हुसैन 100 T20I खेलने वाले वेस्टइंडीज के चौथे प्लेयर बनने वाले हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग XI
अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मयंक यादव/प्रिंस यादव और अर्शदीप सिंह।

